Dhanbad : झारखंड नगर निकाय चुनाव-2026 के तहत धनबाद नगर निगम में आज सोमवार सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो गया। शहर की सरकार चुनने के लिए मतदाताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। वोटिंग शुरू होने से पहले ही कई केंद्रों पर लोगों की लंबी कतार लग गई थी। इस बार एक मेयर और 55 वार्ड पार्षदों को चुनने के लिए कुल 8,99,841 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे।
974 बूथों पर हो रही वोटिंग
धनबाद नगर निगम राज्य का सबसे बड़ा निकाय माना जाता है। आकार और आबादी के लिहाज से यह राजधानी रांची से भी बड़ा है। चुनाव को शांतिपूर्ण और सुचारु ढंग से कराने के लिए पूरे निगम क्षेत्र में 974 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। हर बूथ पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं ताकि कहीं कोई गड़बड़ी न हो।
मेयर पद के लिए 29 उम्मीदवार मैदान में
इस चुनाव में मेयर के एक पद के लिए कुल 29 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। वहीं, 55 वार्डों में पार्षद पद के लिए 450 उम्मीदवार मैदान में हैं। यानी मुकाबला काफी दिलचस्प और कड़ा होने वाला है। मेयर पद के प्रमुख प्रत्याशियों में शामिल हैं-
अमित कुमार अग्रवाल, आकाश दुसाध, इंदु देवी, उमेश पासवान, कुसुम देवी, चंद्र शेखर अग्रवाल, जावेद इकबाल, दिलीप कुमार, दीनानाथ ठाकुर, नवल किशोर पासवान, मो. परवेज खान, प्रकाश कुमार, बिनोद कुमार सिंह, भृगु नाथ भगत, मुकेश कुमार पांडेय, यौगेंद्र प्रधान, रवि चौधरी, रवि बुंदेला, राजकुमार कनौजिया, राम विनय सिंह, राहुल कुमार चौहान, मो. रुस्तम अंसारी, लक्ष्मी देवी, शमशेर आलम अंसारी, शांतनु कुमार चंद्रा, शिल्पी शर्मा, संजीव कुमार, संजीव सिंह और के. सी. सिंहराज।
गड़बड़ी की कोशिश पर सख्त कार्रवाई
वरीय पुलिस अधीक्षक Prabhat Kumar ने साफ कहा है कि चुनाव में किसी भी तरह की बाधा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अगर कोई मतदाताओं को डराने-धमकाने या किसी खास उम्मीदवार के पक्ष में वोट डालने का दबाव बनाता है, तो उसके खिलाफ तुरंत एफआईआर दर्ज की जाएगी और कड़ी कार्रवाई होगी। पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है।
मतदाताओं में दिखा उत्साह
सुबह-सुबह ही युवा, बुजुर्ग और महिलाएं मतदान केंद्रों पर पहुंच गईं। कई जगहों पर पहली बार वोट डालने वाले युवाओं में खास उत्साह देखा गया। लोगों का कहना है कि वे साफ-सुथरी और बेहतर नगर सरकार चाहते हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि शहर की जनता किसे मेयर की कुर्सी सौंपती है और किन 55 चेहरों को वार्ड पार्षद के रूप में जिम्मेदारी मिलती है।
Also Read : पलामू के मेदिनीनगर में सुबह 7 बजे से शुरू हुई वोटिंग

