Palamu : पलामू के मेदिनीनगर में नगरपालिका (आम) निर्वाचन 2026 के तहत सोमवार सुबह ठीक 7 बजे से मतदान की प्रक्रिया शुरू हो गई। जिले के मेदिनीनगर नगर निगम समेत सभी नगर निकाय क्षेत्रों के मतदान केंद्रों पर वोटिंग शांतिपूर्ण तरीके से चल रही है। सुबह से ही बूथों पर मतदाताओं की आवाजाही शुरू हो गई। कहीं महिलाएं लाइन में दिखीं तो कहीं युवा और बुजुर्ग अपने नंबर का इंतजार करते नजर आए।
मतदाताओं में दिख रहा उत्साह
नगर निगम और नगर परिषद के वार्ड संख्या 22 से 28 तक के सभी मतदान केंद्रों पर मतदान की प्रक्रिया पूरी तरह से शांतिपूर्ण तरीके से शुरू हो गई है। मतदाता सुबह-सुबह लाइन में लगकर अपने वोट डालते देखे गए। मतदाता अपने फोटो युक्त मतदाता पहचान पत्र दिखाकर आराम से मतदान कर रहे हैं। मतदान केंद्रों पर व्यवस्था सुचारू है और कहीं से किसी तरह की गड़बड़ी की खबर नहीं है।
कंट्रोल रूम से रखी जा रही नजर
चुनाव को लेकर जिला नियंत्रण कक्ष पूरी तरह सक्रिय है। वहां से लगातार सभी बूथों की अपडेट ली जा रही है। किस केंद्र पर कितनी वोटिंग हुई, कहीं कोई दिक्कत तो नहीं… इन सभी बातों पर नजर रखी जा रही है।
प्रशासन और पुलिस मुस्तैद
डीईओ सह डीसी समीरा एस. और एसपी रीष्मा रमेशन ने खुद हालात पर नजर बनाए रखी है। दोनों अधिकारियों ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे मतदान केंद्र पहुंचकर अपने मताधिकार का जरूर इस्तेमाल करें। उनका कहना है कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए हर एक वोट की अहमियत है।
Also Read : नगर पालिका आम निर्वाचन 2026 : चास-फुसरो में वोटिंग शुरू


