Ranchi : आगामी त्योहार ईद, सरहुल और रामनवमी को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए झारखंड पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गई है। इसी को लेकर मंगलवार को पुलिस मुख्यालय स्थित सभागार में डीजीपी तदाशा मिश्र की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस मुख्यालय के कई आला अधिकारी मौजूद रहे। रांची, जमशेदपुर और धनबाद के एसएसपी एवं बाकी जिलों के एसपी एसपी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़े। इस दौरान हर जिले की कानून-व्यवस्था और सुरक्षा तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई।
जिलों से ली गई अपडेट
बैठक में सभी जिलों के पुलिस कप्तानों ने त्योहारों को लेकर अपनी तैयारियों की जानकारी दी। खासकर सांप्रदायिक मामलों से जुड़े पुराने केस, लंबित वारंट और कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की स्थिति पर चर्चा हुई। इसके अलावा जुलूस के रास्तों की जांच, वहां रोशनी और पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम की व्यवस्था, धार्मिक स्थलों के आसपास सुरक्षा इंतजाम और सीसीटीवी लगाने की प्रगति पर भी बात हुई। बताया गया कि कई जिलों में ड्रोन के जरिए निगरानी की तैयारी की जा रही है। साथ ही संयुक्त कंट्रोल रूम और इमरजेंसी मेडिकल व्यवस्था को भी मजबूत किया जा रहा है। थाना और जिला स्तर पर शांति समिति की बैठकें भी लगातार की जा रही हैं।

डीजीपी के सख्त निर्देश
डीजीपी ने सभी जिलों को साफ निर्देश दिया कि असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाए और जरूरत पड़ने पर पहले से ही कार्रवाई की जाए। जिन इलाकों में पहले सांप्रदायिक घटनाएं हो चुकी हैं, वहां अतिरिक्त सतर्कता बरतने को कहा गया है। उन्होंने जुलूस के रास्तों का भौतिक सत्यापन करने, संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने और ड्रोन से निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों पर तुरंत कार्रवाई करने को कहा गया।
महिला सुरक्षा और वीवीआईपी मूवमेंट पर फोकस
बैठक में महिला सुरक्षा को लेकर भी खास जोर दिया गया। डीजीपी ने कहा कि त्योहारों के दौरान महिलाओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाए। इसके अलावा वीवीआईपी मूवमेंट को देखते हुए भी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश दिए गए।

हॉटस्पॉट चिन्हित, मादक पदार्थों पर कार्रवाई तेज होगी
पुलिस को संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों को चिन्हित कर वहां अतिरिक्त निगरानी रखने को कहा गया है। सीसीटीवी और ड्रोन के जरिए नजर रखने के साथ-साथ अवैध शराब और मादक पदार्थों के खिलाफ छापेमारी तेज करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
जवानों की सुविधा का भी ध्यान
डीजीपी ने यह भी कहा कि ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के लिए भोजन, पानी और रहने की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि वे बेहतर तरीके से अपनी जिम्मेदारी निभा सकें। कुल मिलाकर, पुलिस ने साफ कर दिया है कि त्योहारों के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और हर स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी की गई है।


