Ranchi : विधानसभा के बजट सत्र में सिंदरी के विधायक चन्द्रदेव महतो ने झारखंड राज्यकर्मी स्वास्थ्य बीमा योजना में मौजूद खामियों और अनियमितताओं को ध्यानाकर्षण सूचना के जरिए उठाया। उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यह योजना कर्मचारियों तक सही तरीके से लाभ नहीं पहुंचा पा रही है। विधायक ने बताया कि राज्य सरकार के कर्मचारी भी पुरानी व्यवस्था बहाल करने की मांग कर रहे हैं। चन्द्रदेव महतो ने बताया कि बड़े स्तर पर प्रचारित यह योजना जमीन पर वास्तविक लाभ नहीं दे रही है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि बीमा होने के बावजूद कर्मचारियों को कैशलेस इलाज की सुविधा नहीं मिल रही, जिससे उन्हें आर्थिक और मानसिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने सदन में खूंटी के कनिष्ठ अभियंता ज्ञानदेव साहू का मामला भी उठाया। उनके अनुसार, अपने पिता के इलाज पर 6.98 लाख रुपये खर्च हुए, लेकिन बीमा कंपनी ने केवल 1.42 लाख रुपये ही मंजूर किए, और बाकी राशि परिवार को स्वयं वहन करनी पड़ी। विधायक ने कहा कि राज्यभर में ऐसे कई मामले सामने आ रहे हैं, जहां इलाज से पहले कैशलेस सुविधा नहीं मिलती और बाद में क्लेम राशि में भारी कटौती कर दी जाती है। इस पर स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने स्वीकार किया कि योजना में कुछ कमियां हैं, जिन्हें दूर करने का काम चल रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि कैशलेस इलाज से जुड़े मामलों की जांच कर उचित भुगतान किया जाएगा।


