Ranchi : राजधानी रांची के कांके थाना प्रभारी प्रकाश रजक को आखिरकार लाइन हाजिर कर दिया गया है। यह कार्रवाई लगातार मिल रही शिकायतों और क्षेत्र में बढ़ते अपराध के मामलों को देखते हुए की गई। एसएसपी राकेश रंजन ने जांच के बाद यह सख्त कदम उठाया है। मालूम हो कि पिछले कुछ समय से कांके थाना प्रभारी प्रकाश रजक के खिलाफ कई गंभीर आरोप लग रहे थे। उन पर जमीन कारोबारियों से साठगांठ कर गलत तरीके से लाभ पहुंचाने का आरोप था। स्थानीय लोगों और पीड़ितों द्वारा इसकी लगातार शिकायत की जा रही थी। इसी बीच थाना क्षेत्र में अपराध की घटनाएं भी बढ़ती जा रही थीं। हाल ही में सुकुरहुट्टू गांव में अपराधियों ने एक घर में घुसकर फायरिंग की, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। इसके अगले ही दिन बोड़ेया स्थित राजकीयकृत उच्च विद्यालय में चोरी और तोड़फोड़ की घटना सामने आई। इन घटनाओं ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए। मामला तब और गंभीर हो गया जब एक आदिवासी महिला ने थानेदार के खिलाफ झारखंड हाईकोर्ट में क्रिमिनल रिट याचिका दायर कर दी। महिला ने न्याय की मांग करते हुए थानेदार पर गंभीर आरोप लगाए।
लगातार बढ़ते दबाव और शिकायतों को देखते हुए एसएसपी राकेश रंजन ने पूरे मामले की जांच कराई। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर उन्होंने तत्काल प्रभाव से थाना प्रभारी प्रकाश रजक को लाइन हाजिर कर दिया। एसएसपी राकेश रंजन ने कहा कि कानून और नियमों के तहत किसी भी पुलिसकर्मी के खिलाफ शिकायत मिलने पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। जनता का विश्वास पुलिस में बनाए रखना हमारी प्राथमिकता है।

Also Read : कांके में अपराधियों के हौसले बुलंद, अब सरकारी स्कूल को बनाया निशाना
Also Read : कांके में अपराध बेलगाम : सुकुरहुट्टू में घर में घुसकर फा’यरिंग, थानेदार की भूमिका पर घिरी पुलिस
Also Read : कांके थानेदार के खिलाफ हाईकोर्ट में क्रिमिनल रिट, आदिवासी महिला ने लगाया जमीन पर कब्जा करवाने का आरोप
Also Read : जमीन विवाद में ‘मास्टर’ बन गए कांके थानेदार


