Patna : बिहार के डिप्टी सीएम सह राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने गुरुवार को पटना के ज्ञान भवन में अंचल अधिकारियों, डीसीएलआर और एडीएम (रेवेन्यू) के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने लापरवाह और काम में कम प्रदर्शन करने वाले सीओ (सर्कल ऑफिसर) पर सख्त कार्रवाई के संकेत दिए। बैठक में पालीगंज के सीओ की अनुपस्थिति पर मंत्री ने उन्हें शो-कॉज नोटिस जारी करने का आदेश दिया।
मंत्री ने कहा कि विभाग में मौजूद कमियों को दूर करने के लिए प्रधान सचिव और अन्य वरिष्ठ अधिकारी सीओ और कर्मचारियों को प्रशिक्षण देंगे। जिन अधिकारियों द्वारा जमीन के दस्तावेज में फर्जीवाड़ा किया जा रहा है, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को समय सीमा दी है और बेहतर प्रदर्शन करने वालों को पुरस्कृत किया जाएगा। वहीं जो अधिकारी विभाग की छवि को नुकसान पहुंचाएंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। मंत्री ने कहा कि माफिया तब सक्रिय होता है जब प्रशासन कमजोर पड़ता है, इसलिए सरकार और प्रशासन की ताकत से माफिया पर नकेल कसी जाएगी।
विजय कुमार सिन्हा ने खनन विभाग में माफिया के खिलाफ उठाए गए कदम का जिक्र करते हुए कहा कि राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग में भी जल्द ही इसका असर दिखेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि सुधार के अवसर मिलने के बाद भी अगर कोई अधिकारी नहीं सुधरा, तो उनके असली चेहरे को बेनकाब किया जाएगा।
Also Read : राजस्थान से बिहार जा रही थी एक करोड़ की शराब, गढ़वा पुलिस ने पकड़ा


