Patna : बिहार के डिप्टी सीएम और गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि लालू यादव की संपत्ति को सरकार सीज करेगी और उसमें बच्चों के लिए सरकारी स्कूल खोले जाएंगे।
एक निजी चैनल को दिए इंटरव्यू में सम्राट चौधरी ने कहा कि लालू प्रसाद यादव पंजीकृत अपराधी हैं। उन्होंने 950 करोड़ रुपये के चारा घोटाले का जिक्र करते हुए बताया कि सीबीआई और ईडी द्वारा लालू यादव की कई संपत्तियां पहले ही अटैच की जा चुकी हैं। इनमें संजय गांधी जैविक उद्यान के पास स्थित एक बिल्डिंग भी शामिल है, जो पिछले करीब 20 साल से बंद पड़ी है।
सम्राट चौधरी ने कहा कि उस बंद बिल्डिंग में अब सरकारी स्कूल खोला जाएगा। इसके लिए पहले भवन की रंगाई-पुताई और मरम्मत कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि अगर इस भवन में बच्चों के लिए स्कूल खुलता है तो इससे बिहार की जनता को फायदा होगा और लालू यादव को भी अच्छा लगेगा।
डिप्टी सीएम ने आगे कहा कि जिन अपराधियों ने अवैध तरीके से पैसा और संपत्ति अर्जित की है, उसे सीज कर सरकार जनहित के कामों में इस्तेमाल करेगी। उन्होंने दो टूक कहा कि अपराधी चाहे कोई भी हो, उसे कानून के तहत सजा भुगतनी होगी और अवैध संपत्ति सरकार को सौंपनी होगी।
सम्राट चौधरी ने यह भी कहा कि वे धमकी नहीं देते, बल्कि कार्रवाई करते हैं और इसका असर बहुत जल्द देखने को मिलेगा।


