Johar Live Desk : अर्जेंटीना के सुपरस्टार फुटबॉलर लियोनेल मेसी अपने तीन दिवसीय भारत दौरे पर शनिवार तड़के कोलकाता पहुंचे। उनके स्वागत के लिए हजारों प्रशंसक ठंड के बावजूद आधी रात तक एयरपोर्ट पर मौजूद रहे। मेसी शनिवार को करीब 2:26 बजे कोलकाता एयरपोर्ट पर उतरे। एयरपोर्ट पर चारों ओर अर्जेंटीना के झंडे लहराते दिखे और मोबाइल कैमरों की लाइट से माहौल रोशन हो गया। भारी भीड़ को देखते हुए मेसी को कड़ी सुरक्षा के बीच VIP गेट से बाहर निकाला गया और फिर उन्हें एक बड़े काफिले के साथ होटल ले जाया गया, जहां भी प्रशंसकों की भीड़ इंतजार कर रही थी।
VIDEO | West Bengal: Argentine footballer Lionel Messi arrived at Kolkata Airport accompanied by Luis Suarez and Rodrigo De Paul.
(Source: Third Party)#LionelMessi
(Full video available on PTI Videos – https://t.co/n147TvrpG7) pic.twitter.com/nNVfGvfpnX
— Press Trust of India (@PTI_News) December 12, 2025
2011 के बाद पहली भारत यात्रा
‘GOAT इंडिया टूर 2025’ के तहत यह मेसी की 2011 के बाद पहली भारत यात्रा है। मेसी के साथ उनके स्ट्राइक पार्टनर लुइस सुआरेज और अर्जेंटीना टीम के साथी रोड्रिगो डी पॉल भी भारत पहुंचे हैं। अगले 72 घंटों में मेसी कोलकाता, हैदराबाद, मुंबई और नई दिल्ली का दौरा करेंगे। इस दौरान वे कई मुख्यमंत्रियों, कॉर्पोरेट नेताओं, बॉलीवुड हस्तियों और 15 दिसंबर को पीएम मोदी से मुलाकात करेंगे।
कई प्रशंसक रहे निराश
मेसी की एक झलक पाने के लिए पूरी रात इंतजार करने वाले कई प्रशंसक निराश रह गए। भारी भीड़ के कारण उन्हें एयरपोर्ट से सुबह करीब 3:30 बजे दूसरे रास्ते से होटल ले जाया गया। इस वजह से सैकड़ों प्रशंसक अपने पसंदीदा खिलाड़ी को देख नहीं पाए। केवल कुछ एयरपोर्ट कर्मचारियों को ही मेसी की झलक मिल सकी।
टूर प्रमोटर ने बताया ऐतिहासिक पल
मेसी के टूर प्रमोटर सताद्रु दत्ता ने कहा कि यह कोलकाता के लिए एक ऐतिहासिक मौका है। उन्होंने बताया, “2011 में मेसी भारत आए थे, लेकिन अब वे वर्ल्ड कप और आठवां बैलन डी’ओर जीतने के बाद आए हैं। यह बहुत खास पल है। शायद वह फिर कभी भारत न आएं, इसलिए यह जश्न का मौका है।” उन्होंने कहा कि मेसी की मौजूदगी से भारतीय फुटबॉल को बड़ा फायदा मिल सकता है। मेसी की एक मूर्ति का भी अनावरण किया जाएगा, जिसे दुनिया में अपनी तरह की पहली मूर्ति बताया जा रहा है।
मेसी का पूरा कार्यक्रम
13 दिसंबर – कोलकाता
- 2:26 बजे सुबह : कोलकाता आगमन
- 9:30 से 10:30 बजे : मीट एंड ग्रीट
- 10:30 से 11:15 बजे : मेसी की मूर्ति का वर्चुअल उद्घाटन
- 11:30 बजे : शाहरुख खान युवा भारती स्टेडियम पहुंचेंगे
- 12:00 बजे : सीएम ममता बनर्जी और सौरव गांगुली की मौजूदगी
- 12:00 से 12:30 बजे : फ्रेंडली मैच
- 2:00 बजे : हैदराबाद के लिए रवाना
13 दिसंबर – हैदराबाद
- शाम 7:00 बजे : राजीव गांधी स्टेडियम में कार्यक्रम
- तेलंगाना के सीएम रेवंत रेड्डी से मुलाकात
- शाम को म्यूजिकल कॉन्सर्ट
14 दिसंबर – मुंबई
- 3:30 बजे : क्रिकेट क्लब ऑफ इंडिया में पैडल कप
- 4:00 बजे : सेलिब्रिटी फुटबॉल मैच
- 5:00 बजे : वानखेड़े स्टेडियम में कार्यक्रम और चैरिटी फैशन शो
15 दिसंबर – नई दिल्ली
- 1:30 बजे : अरुण जेटली स्टेडियम में कार्यक्रम
- पीएम मोदी से मुलाकात
मेसी के इस दौरे को लेकर देशभर में फुटबॉल प्रशंसकों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।
Also Read : लालू की सीज संपत्ति में बनेंगे स्कूल, डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी का बड़ा ऐलान


