Palamu : पलामू जिले के कचहरी चौक के पास बीती देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। ओवरब्रिज पर दो मालवाहक वाहनों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद दोनों वाहन पुल पर इस तरह फंस गए कि पूरी सड़क पर यातायात बाधित हो गया। सुबह तक वाहन वहीं खड़े रहे, जिससे आम लोगों और स्कूली वाहनों को आवाजाही में काफी परेशानी हुई।
मिली जानकारी के अनुसार हादसे के बाद दोनों वाहन चालकों ने पुलिस को सूचना नहीं दी। हालांकि इस दुर्घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। पुलिस के मौके पर पहुंचने पर एक वाहन में चालक मौजूद मिला, जबकि दूसरे वाहन का चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। बताया जा रहा है कि रात में घना कोहरा होने के कारण यह दुर्घटना हुई।
ट्रैफिक प्रभारी सत्येंद्र कुमार दुबे ने बताया कि पहले जेसीबी की मदद से वाहनों को हटाने की कोशिश की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद क्रेन मंगाकर क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जल्द ही यातायात सामान्य कर दिया जाएगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।


