New Delhi : राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण एक बार फिर गंभीर स्तर पर पहुंच गया है। शनिवार सुबह शहर के कई इलाकों में धुंध और हल्के कोहरे के साथ दिन की शुरुआत हुई। आसमान में स्मॉग की मोटी चादर छाई रही, जिससे सड़कों पर दृश्यता काफी कम हो गई। हालात ऐसे रहे कि लोग मास्क पहनकर बाहर निकलते नजर आए, जबकि सांस और दमा के मरीजों को ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ा।
दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 400 के पार दर्ज किया गया, जो प्रदूषण की गंभीर श्रेणी को दर्शाता है। एम्स इलाके में सुबह स्मॉग की परत छाई रही। आनंद विहार में स्थिति और भी खराब रही, जहां एक्यूआई 434 रिकॉर्ड किया गया। आईटीओ क्षेत्र में एक्यूआई 417 और अक्षरधाम के आसपास 419 दर्ज किया गया, जो दोनों ही गंभीर श्रेणी में आते हैं। वहीं, संसद मार्ग इलाके में एक्यूआई 356 रहा, जिसे बहुत खराब श्रेणी में रखा गया है।
प्रदूषण की गंभीर स्थिति को देखते हुए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने दिल्ली-एनसीआर में वाहनों से होने वाले प्रदूषण को कम करने के लिए एक विशेषज्ञ समिति का गठन किया है। यह समिति उत्सर्जन घटाने के लिए ठोस और प्रभावी उपायों पर काम करेगी।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, आने वाले रविवार और सोमवार को भी हवा की गुणवत्ता बेहद खराब रहने की आशंका है। ऐसे में लोगों, खासकर बच्चों, बुजुर्गों और सांस के मरीजों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।


