Ranchi : देवघर के नए उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह ने सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। उनके अचानक पहुंचने से अस्पताल कर्मियों में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने ऑपरेशन थिएटर (OT), आईसीयू, सीटी स्कैन, बर्न वार्ड और मैटरनिटी वार्ड सहित कई विभागों का जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल में दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति देखी और सुधार के लिए जरूरी निर्देश दिए।
उपायुक्त ने डॉक्टरों की उपस्थिति और ड्यूटी रोस्टर की भी जांच की। साथ ही ओपीडी में आने वाले मरीजों की संख्या का आकलन किया और वहां तैनात डॉक्टरों को बेहतर सेवा देने के निर्देश दिए। हाल ही में सीएसआर फंड से लगाए गए अल्ट्रासाउंड और एक्स-रे मशीन के संचालन को लेकर भी उन्होंने सिविल सर्जन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि मरीजों को इन सुविधाओं का पूरा लाभ मिल सके।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने मरीजों के परिजनों से बातचीत की और अस्पताल में मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को जल्द समाधान करने का निर्देश दिया। उन्होंने अस्पताल की साफ-सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने को कहा। साथ ही निर्देश दिया कि अस्पताल का सौंदर्यीकरण भी किया जाए, ताकि मरीजों को बेहतर और सकारात्मक माहौल मिल सके।
उपायुक्त ने कहा कि अस्पताल में आने वाले हर मरीज को अच्छा अनुभव मिलना चाहिए, क्योंकि साफ और व्यवस्थित माहौल में ही बेहतर इलाज संभव है। पदभार संभालने के बाद से उपायुक्त लगातार सरकारी संस्थानों का निरीक्षण कर रहे हैं। जहां भी कमियां मिल रही हैं, वहां सुधार के लिए संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए जा रहे हैं।
Also Read : गढ़वा में NEET को लेकर अलर्ट: केंद्रों के बाहर धारा 163 लागू, 200 मीटर तक पाबंदी

