Johar Live Desk : दिल्ली से पुणे आ रही इंडिगो की फ्लाइट 6E-2608 को बम की धमकी मिली। पुणे एयरपोर्ट पर लैंडिंग के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने विमान की पूरी जांच की, हालांकि जांच के दौरान कोई विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। अधिकारियों के अनुसार, फ्लाइट का निर्धारित समय गुरुवार शाम 8:40 बजे का था, लेकिन विमान 9:24 बजे पुणे एयरपोर्ट पर उतरा। लैंडिंग के तीन मिनट बाद, 9:27 बजे फ्लाइट को पार्क किया गया। इसके बाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) ने बम की धमकी की जानकारी एप्रन कंट्रोल को दी।
विमान की गहन जांच की गई
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, विमान के टॉयलेट में टिशू पेपर पर हाथ से लिखा एक नोट मिला था, जिसमें फ्लाइट में बम होने की बात लिखी थी। इसके बाद सुरक्षा कारणों से विमान को आइसोलेशन पार्किंग में शिफ्ट कर दिया गया। एप्रन कंट्रोल की ओर से तुरंत सभी संबंधित एजेंसियों को सूचना दी गई। बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड (BDDS) ने विमान की गहन जांच की, लेकिन कोई भी आपत्तिजनक चीज बरामद नहीं हुई।
जांच के बाद उड़ान की अनुमति
एक अधिकारी ने बताया कि सभी जरूरी सुरक्षा प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद फ्लाइट को दोबारा सामान्य संचालन की अनुमति दे दी गई। इंडिगो एयरलाइंस ने भी प्रेस रिलीज जारी कर इसकी पुष्टि की है।

पहले भी आ चुकी हैं ऐसी धमकियां
गौरतलब है कि हाल ही में 18 जनवरी को दिल्ली से सिलीगुड़ी जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट में भी टिशू पेपर पर लिखी बम की धमकी मिली थी। उस समय फ्लाइट को लखनऊ डायवर्ट कर यात्रियों को उतारकर जांच की गई थी।
बम की धमकी मिलने पर क्या होता है प्रोटोकॉल
विमान में बम की सूचना मिलने पर सुरक्षा नियमों के तहत फ्लाइट को सुरक्षित एयरपोर्ट पर उतारा जाता है या आइसोलेट किया जाता है। इसके बाद यात्रियों की सुरक्षा, विमान की जांच और आगे की व्यवस्था की जाती है। एक रिपोर्ट के अनुसार, इस पूरी प्रक्रिया में करीब 3 करोड़ रुपये तक का खर्च आ सकता है।
Also Read : बसंत पंचमी 2026 आज, देशभर में श्रद्धा और उत्साह का माहौल


