Ranchi : झारखंड में कड़ाके की ठंड से लोगों को बड़ी राहत मिली है। बीते 24 घंटों में राज्य के ज्यादातर जिलों में न्यूनतम तापमान बढ़ा है, जिससे ठंड का असर कमजोर पड़ा है। हालांकि गुमला जिला अब भी राज्य का सबसे ठंडा इलाका बना हुआ है, जहां न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
कुछ जिलों में अब भी सर्द हवाओं का असर
मौसम विभाग के अनुसार गुमला के अलावा खूंटी में 6.1 डिग्री, डाल्टनगंज में 6.9 डिग्री, लोहरदगा में 7.3 डिग्री, बोकारो में 8.6 डिग्री और राजधानी रांची में न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इन इलाकों में सुबह और शाम ठंडी और तेज हवा से लोगों को परेशानी हो रही है, लेकिन दिन निकलते ही धूप से ठंड का असर कम हो जा रहा है।
कोल्हान में लगभग खत्म हुई ठंड
कोल्हान क्षेत्र में ठंड लगभग खत्म होती दिख रही है। जमशेदपुर में न्यूनतम तापमान 13.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। यहां सुबह और शाम हल्की ठंड जरूर है, लेकिन दिन में ठिठुरन महसूस नहीं हो रही।
आज 7 जिलों में 10 डिग्री से नीचे जा सकता है तापमान
रांची मौसम केंद्र ने आज यानी शुक्रवार को लेकर चेतावनी जारी की है। अनुमान है कि खूंटी, लातेहार, लोहरदगा, सिमडेगा, पलामू और गुमला समेत 7 जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे रह सकता है। इन इलाकों में सुबह और शाम ठंड से बचाव की सलाह दी गई है।
दिन का तापमान बढ़ा, हल्की गर्मी महसूस
राज्य में अधिकतम तापमान में भी 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। जहां पहले अधिकतम तापमान 24 से 25 डिग्री रहता था, अब यह 27 से 29 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। बीते 24 घंटे में चाईबासा में अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री दर्ज किया गया, जिससे दिन में हल्की गर्मी महसूस की जा रही है।
ठंड का दौर अंतिम चरण में
मौसम विभाग का कहना है कि झारखंड में ठंड का मौसम अब अंतिम चरण में है। अधिकतर जिलों में दिन के समय हल्के स्वेटर से ही काम चल रहा है। आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ेगा, जिससे ठंड से पूरी तरह राहत मिलने की उम्मीद है।
Also Read : दिल्ली-पुणे इंडिगो फ्लाइट को बम की धमकी, जांच में कुछ नहीं मिला


