Palamu : पलामू के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र में मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई जब अलीनगर गांव के एक खेत में एक युवक का शव मिला। मृतक की पहचान बेल बिगहा पंचायत के पोखरापर निवासी संजय पासवान के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। वहीं सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंचे और रो-रोकर उनका बुरा हाल हो गया। बताया जा रहा है कि संजय पासवान कुछ समय से अलीनगर स्थित अपने ननिहाल में रह रहा था। मंगलवार की सुबह जब ग्रामीण खेतों की ओर गए तो उन्होंने एक युवक का शव खेत में पड़ा देखा। पास जाकर देखने पर उसकी पहचान संजय पासवान के रूप में की गई। इसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना हुसैनाबाद थाना पुलिस को दी।
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास के लोगों से भी पूछताछ की और घटनास्थल का जायजा लिया। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। परिजनों के अनुसार संजय पासवान अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। उसकी अचानक मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया है। गांव में भी घटना को लेकर शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि युवक का शव खेत में मिलने से कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है और आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।
Also Read : झारखंड विधानसभा में हंगामा : विपक्ष का वेल में प्रदर्शन, ‘अबुआ नहीं बबुआ सरकार’ कहकर बाबूलाल मरांडी का हमला


