Chapra : जयप्रकाश विश्वविद्यालय (जेपीयू) और इसके अंतर्गत आने वाले छपरा, सिवान व गोपालगंज जिले के सभी अंगीभूत और संबद्ध कॉलेजों में अब रोजाना पठन-पाठन की ऑनलाइन रिपोर्टिंग अनिवार्य कर दी गई है। इस व्यवस्था के तहत हर दिन यह जानकारी विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर अपलोड करनी होगी कि कौन-सी कक्षा चली, किस विषय की पढ़ाई हुई और कौन-से शिक्षक ने पढ़ाया।
इस संबंध में राज्यपाल सचिवालय की ओर से जेपी विश्वविद्यालय सहित राज्य के सभी विश्वविद्यालयों को पत्र भेजा गया है। प्रधान सचिव डॉ. राबर्ट एल चांग्धू ने निर्देश दिया है कि विश्वविद्यालय प्रशासन 15 दिनों के भीतर अपनी वेबसाइट को अपडेट कर यह व्यवस्था लागू करे और इसकी रिपोर्ट लोक भवन को भेजे। इस पूरी प्रक्रिया की निगरानी सीधे राज्यपाल सचिवालय करेगा।
तीन बिंदुओं पर देनी होगी जानकारी
नई व्यवस्था के अनुसार रोजाना तीन जानकारियां वेबसाइट पर अपलोड होंगी –
- संकायवार संचालित कक्षाओं का विवरण।
- संबंधित विषय पढ़ाने वाले प्राध्यापक का नाम।
- उस दिन पढ़ाए गए पाठ्यक्रम या टॉपिक की जानकारी।
विश्वविद्यालय प्रशासन का मानना है कि इससे कक्षा संचालन में पारदर्शिता आएगी और शिक्षकों व कॉलेज प्रशासन की जवाबदेही तय होगी।
कम उपस्थिति बनी बड़ी समस्या
राज्यपाल सचिवालय के अनुसार कॉलेजों में छात्रों की घटती उपस्थिति चिंता का विषय है। नामांकन के बाद शुरुआती दिनों में छात्र नियमित आते हैं, लेकिन कुछ समय बाद कक्षाओं में छात्रों की संख्या काफी कम हो जाती है। कई विषयों में सैकड़ों नामांकन के बावजूद कक्षा में केवल 10-15 छात्र ही नजर आते हैं, जिससे पढ़ाई प्रभावित होती है।
सेमेस्टर सिस्टम से बढ़ा दबाव
सेमेस्टर सिस्टम लागू होने के बाद हर छह महीने में परीक्षा, इंटरनल मूल्यांकन और अन्य प्रशासनिक कार्यों के कारण नियमित कक्षा संचालन के लिए समय कम बच पाता है। कई बार कम समय में ही परीक्षाएं करानी पड़ती हैं, जिससे पाठ्यक्रम पूरा करना चुनौती बन जाता है। ऑनलाइन रिपोर्टिंग से यह साफ होगा कि पढ़ाई कितनी नियमित हो रही है।
परीक्षा कैलेंडर भी होगा वेबसाइट पर
नई व्यवस्था के तहत विश्वविद्यालयों को स्नातक से लेकर पीजी तक की सभी परीक्षाओं का कैलेंडर भी वेबसाइट पर अपलोड करना होगा। इससे छात्रों को अपनी पढ़ाई की योजना बनाने में मदद मिलेगी और यह भी स्पष्ट होगा कि शैक्षणिक सत्र समय पर चल रहा है या नहीं।
Also Read : बजट 2026-27 से पहले पीएम मोदी करेंगे अर्थशास्त्रियों से अहम चर्चा


