Ranchi : झारखंड में साइबर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है। CID झारखंड की साइबर क्राइम थाना पुलिस ने फॉरेक्स ट्रेडिंग के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। इस मामले में एक साइबर अपराधी को उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी को मिर्जापुर पुलिस के सहयोग से पकड़ा गया। CID के मुताबिक, ठगी का यह मामला साइबर क्राइम थाना कांड संख्या 27/26 के तहत दर्ज किया गया है। वादी की लिखित शिकायत के आधार पर 10 मार्च 2026 को केस दर्ज किया गया था। जांच में सामने आया कि पीड़ित को व्हाट्सऐप के जरिए फॉरेक्स ट्रेडिंग में भारी मुनाफे का लालच दिया गया।
व्हाट्सऐप ग्रुप में जोड़कर रचा गया ठगी का जाल
जांच में पता चला कि ठगों ने पीड़ित को FXPROGROUP-cc नाम के एक व्हाट्सऐप ग्रुप से जोड़ा। इसके बाद उसे एक वेबसाइट के जरिए निवेश करने के लिए कहा गया। शुरुआत में ठगों ने फर्जी मुनाफा दिखाकर पीड़ित का भरोसा जीता। जब भरोसा बन गया तो अलग-अलग तारीखों में विभिन्न बैंक खातों में निवेश के नाम पर बड़ी रकम जमा करवाई जाने लगी। धीरे-धीरे यह रकम बढ़ती गई और आखिरकार पीड़ित से करीब 8 करोड़ 52 लाख रुपये की ठगी कर ली गई।
जांच में खुला फर्जी प्लेटफॉर्म का खेल
CID की जांच में सामने आया कि जिस प्लेटफॉर्म के जरिए निवेश कराया जा रहा था, वह पूरी तरह फर्जी था और साइबर ठगी का माध्यम बनाकर इस्तेमाल किया जा रहा था। पुलिस ने तकनीकी जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर गिरोह से जुड़े लोगों की पहचान शुरू की। अनुसंधान के दौरान संलिप्तता के आधार पर एक आरोपी बृजेश सिंह को मिर्जापुर, उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसके पास से इस मामले से जुड़े मोबाइल फोन, सिम कार्ड, डेबिट कार्ड और चेक बुक बरामद किए हैं।
CID ने लोगों को दी ये सलाह
CID ने लोगों से अपील की है कि निवेश से जुड़े किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें। खासकर व्हाट्सऐप, टेलीग्राम या गूगल विज्ञापनों के जरिए आने वाले निवेश प्रस्तावों से बचें। पुसलाह दी गयी है कि व्हाट्सऐप या टेलीग्राम पर मिले निवेश ऑफर पर भरोसा न करें, किसी अनजान बैंक खाते या UPI ID में निवेश के नाम पर पैसे ट्रांसफर न करें, केवल सरकार द्वारा अधिकृत और विश्वसनीय प्लेटफॉर्म पर ही निवेश करें और निवेश से पहले पूरी जानकारी और सत्यापन जरूर करें।
Also Read : SSC GD परीक्षा में हाईटेक चीटिंग का खेल, 6 अभ्यर्थियों को रांची पुलिस ने दबोचा


