Ranchi : राजधानी में अपराध नियंत्रण को लेकर IPS राकेश रंजन गंभीर है। कांके रोड स्थित न्यू पुलिस लाइन में बुधवार को जिले के तमाम डीएसपी, इंस्पेक्टर और थाना प्रभारी संग बैठक की। इस दौरान रांची के एसएसपी राकेश रंजन ने थानावार अपराधों की गहन समीक्षा की और लंबित मामलों को तय समय में निपटाने का निर्देश दिया। एसएसपी ने कहा कि अपराध पर नियंत्रण के साथ-साथ आम लोगों से पुलिस का भरोसा मजबूत करना बेहद जरूरी है। मीटिंग के दौरान गुजरे महीने दर्ज मामलों की विस्तार से समीक्षा की गई। चोरी, डकैती और लूट जैसी घटनाओं को लेकर बीते छह महीनों के आंकड़ों पर चर्चा हुई। एसएसपी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी लंबित मामलों का जल्द से जल्द खुलासा किया जाए और उद्भेदन की गति तेज की जाए। सरस्वती पूजा को देखते हुए सभी थाना प्रभारियों को विशेष सतर्कता बरतने और विधि-व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा गया।
नशे के कारोबार पर सख्त निर्देश देते हुए एसएसपी ने ब्राउन शुगर समेत मादक पदार्थों की बिक्री में शामिल लोगों को चिन्हित कर उनके खिलाफ निगरानी प्रस्ताव भेजने को कहा। अवैध शराब के खिलाफ लगातार छापेमारी अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए। इसके साथ ही दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट से जुड़े मामलों को 60 दिनों के भीतर निष्पादित करने पर जोर दिया गया।
एसएसपी ने थाना स्तर पर सक्रिय अपराधियों के खिलाफ सीसीए, निगरानी और जमानत रद्द कराने से जुड़े प्रस्ताव भेजने को कहा। पासपोर्ट सत्यापन को लेकर निर्देश दिया गया कि पांच दिनों के भीतर प्रक्रिया पूरी कर पोर्टल पर अपलोड किया जाए और आवेदकों को बेवजह परेशान न किया जाए।

डायल 112 पर मिलने वाली आपात शिकायतों पर 15 मिनट के भीतर पुलिस की प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही जेल से रिहा हुए और आरोप पत्रित अपराधियों का सत्यापन कर उन्हें निगरानी में रखने के निर्देश दिए गए। थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए आम लोगों को प्रेरित करने को भी कहा गया। इसके अलावा पुराने मामलों के शीघ्र निष्पादन, लंबित वारंट और कुर्की की कार्रवाई पूरी करने, अवैध उत्खनन, भंडारण और परिवहन पर रोक लगाने के लिए सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए गए। बैठक में रांची सिटी एसपी पारस राणा, रूरल एसपी प्रवीण पुष्कर, ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह समेत सभी डीएसपी और थाना प्रभारी मौजूद रहे।
Also Read : पलामू आईजी का सख्त निर्देश- सीमावर्ती इलाकों में हो कड़ी सुरक्षा


