Patna : पटना जिले के बिहटा प्रखंड सह अंचल कार्यालय में भाकपा माले ने बुलडोजर कार्रवाई के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में पार्टी के पूर्व सांसद रामेश्वर प्रसाद, स्थानीय नेता राजेश गुप्ता, संतोष सिंह सहित बड़ी संख्या में दलित और गरीब लोग शामिल हुए।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि बिहार में एनडीए सरकार बनने के बाद गरीबों और दलितों के घरों व दुकानों को बुलडोजर से तोड़ा जा रहा है। माले नेताओं का कहना है कि पहले बाजारों में ऐसी कार्रवाई हुई और अब गांवों में भी लोगों को उजाड़ा जा रहा है।
स्थानीय भाकपा माले नेता और पूर्व मुखिया राजेश गुप्ता ने कहा कि कड़ाके की ठंड में गरीबों के घर तोड़ना अमानवीय है। उन्होंने मांग की कि सरकार पहले गरीबों को रहने के लिए घर और 5 डिसमिल जमीन उपलब्ध कराए। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
पूर्व सांसद रामेश्वर प्रसाद ने कहा कि बुलडोजर कार्रवाई में सबसे ज्यादा नुकसान गरीबों को हो रहा है। उन्होंने सरकार से मांग की कि पहले जमीन माफियाओं पर कार्रवाई की जाए, जो गरीबों की जमीन पर कब्जा किए हुए हैं। उन्होंने कहा कि विकास के नाम पर गरीबों को उजाड़ना गलत है और अगर सरकार ने नीति नहीं बदली तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।


