Joharlive Desk : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समृद्धि यात्रा के तहत शुक्रवार को सहरसा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने जिले को करीब 500 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं की सौगात दी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। मंच से सीएम ने लोगों को संबोधित करते हुए राज्य में हुए विकास कार्यों और बदली हुई कानून व्यवस्था का जिक्र किया। कार्यक्रम में सीएम के साथ बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, मंत्री विजय कुमार चौधरी समेत कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
पहले की स्थिति याद करने को कहा
सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि साल 2005 में जब उनकी सरकार बनी थी, उस समय बिहार की स्थिति काफी खराब थी। उन्होंने लोगों से पूछा कि क्या उन्हें वह समय याद है, जब शाम होते ही लोग घर से बाहर निकलने से डरते थे। उन्होंने कहा कि उस समय कई जगहों पर आपसी विवाद और झगड़े होते थे। सरकार बनने के बाद कब्रिस्तानों की घेराबंदी कराई गई, जिससे कई तरह के विवाद कम हुए और माहौल बेहतर बना।
विकास कार्यों को गिनाया
सीएम ने कहा कि उनकी सरकार बनने के बाद से लगातार विकास के काम हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब राज्य में डर और भय का माहौल नहीं है। बिजली व्यवस्था का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि 2018 तक राज्य के हर घर तक बिजली पहुंचाने का काम पूरा कर लिया गया था। साथ ही लोगों को सस्ती दर पर बिजली उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि अब 125 यूनिट तक बिजली मुफ्त देने की व्यवस्था भी लागू की गई है।
एक महीने में जारी होगा सहरसा एयरपोर्ट का टेंडर
कार्यक्रम के दौरान डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने सहरसा के लिए बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि सहरसा एयरपोर्ट परियोजना को आगे बढ़ाते हुए अगले एक महीने के अंदर इसका टेंडर जारी कर दिया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि सरकार राज्य में सड़क नेटवर्क को लगातार मजबूत कर रही है, ताकि लोगों को बेहतर कनेक्टिविटी मिल सके।
सड़क और पुल निर्माण पर जोर
सम्राट चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में राज्य में बड़े पैमाने पर सड़क और पुलों का निर्माण हुआ है। उन्होंने कहा कि अब सहरसा से लोग पटना सिर्फ तीन से चार घंटे में पहुंच सकते हैं। खगड़िया से एक विशेष सड़क बनाने का काम चल रहा है, जिससे मानसी के रास्ते सहरसा को सीधा जोड़ा जाएगा। सिमरी-बख्तियारपुर जैसे इलाके, जो पहले टापू की तरह अलग-थलग थे, वहां भी अब पुलों का निर्माण तेजी से हो रहा है।
बिहार में सड़कों का बड़ा नेटवर्क
डिप्टी सीएम ने कहा कि एक समय बिहार में करीब छह हजार किलोमीटर लंबी सड़कें थीं। लेकिन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में अब राज्य में करीब एक लाख 40 हजार किलोमीटर लंबी सड़कें बन चुकी हैं।
Also Read : बहरागोड़ा अपहरण कांड का आरोपी बंगाल से गिरफ्तार, युवती सुरक्षित बरामद

