Gumla : गुमला से बेहद ही दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पूरा राज्य लोकतंत्र का महापर्व मना रहा था वहीं गुमला जिले के एक गांव में मातम पसरा हुआ था। घटना जिले के कामडारा थाना क्षेत्र की है जब गांव के लोगों ने तालाब किनारे एक पेड़ से युवक और नाबालिग लड़की का शव लटका हुआ देखा। देखते ही देखते खबर पूरे इलाके में फैल गई और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।
तालाब किनारे दिखा दिल दहला देने वाला मंजर
ग्रामीणों के मुताबिक, कुछ लोग सुबह की तरफ तालाब की ओर गए थे। तभी उनकी नजर पेड़ पर लटके दो शवों पर पड़ी। यह दृश्य देखकर लोग सन्न रह गए। तुरंत गांव में सूचना दी गई और फिर स्थानीय लोगों ने कामडारा थाना पुलिस को खबर की।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद दोनों शवों को पेड़ से नीचे उतारा गया। आसपास के लोगों से पूछताछ की गई और घटनास्थल का जायजा लिया गया। पुलिस ने पंचनामा तैयार कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए गुमला सदर अस्पताल भेज दिया है।
मैट्रिक परीक्षा देने निकली थी लड़की
मृतकों की पहचान 16 साल की सोनी कुमारी और रमेश चीक बड़ाईक के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, सोनी 21 फरवरी को घर से मैट्रिक की परीक्षा देने निकली थी। परीक्षा खत्म होने के बाद जब वह देर शाम तक घर नहीं लौटी, तो परिवार वालों की चिंता बढ़ गई।
परिजनों ने रिश्तेदारों, सहेलियों और आसपास के इलाकों में काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। दो दिनों तक तलाश जारी रही, मगर कोई जानकारी हाथ नहीं लगी।
दो दिन बाद सामने आई सच्चाई
सोमवार को जब गांव के ही एक युवक के साथ उसका शव पेड़ से लटका मिला, तो पूरे इलाके में मातम छा गया। परिजन रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में तरह-तरह की चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं, हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी।
Also Read : फर्जी निकला दक्ष विश्वविद्यालय, UGC ने छात्रों को चेताया, कहा- डिग्री नहीं चलेगी

