Patna : बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) ने सोमवार को राज्य शिक्षक पात्रता परीक्षा (STET) 2025 का परिणाम घोषित कर दिया। परीक्षा में कुल 4.42 लाख उम्मीदवार शामिल हुए, जिनमें से 2.56 लाख पास हुए हैं।
STET परीक्षा दो पेपरों में आयोजित की गई थी। पेपर-1 (कक्षा 9वीं-10वीं) में 2.46 लाख अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया, जिसमें से 1.54 लाख पास हुए। पेपर-1 का पास प्रतिशत 62% रहा। पेपर-2 (कक्षा 11वीं-12वीं) में 1.95 लाख उम्मीदवार शामिल हुए, जिनमें से 1.02 लाख पास हुए। पेपर-2 का पास प्रतिशत 52% रहा। कुल मिलाकर दोनों पेपरों का पास प्रतिशत 57% है।
पिछले साल 2024 में पास प्रतिशत 70.25% था, इसलिए इस बार पास प्रतिशत में करीब 13% की गिरावट आई है।
STET परीक्षा 14 अक्टूबर से 16 अक्टूबर 2025 तक आयोजित हुई थी। पेपर-1 सेकेंडरी स्तर और पेपर-2 सीनियर सेकेंडरी स्तर के लिए था। परीक्षा के बाद 24 नवंबर 2025 को प्रोविजनल आंसर-की भी जारी की गई थी।
इस परीक्षा को कराने की मांग को लेकर अभ्यर्थियों ने अगस्त में प्रदर्शन किया था। 7 और 18 अगस्त को पटना में छात्रों के प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने लाठीचार्ज किया था। इसके बाद शिक्षा मंत्री ने छात्रों की बात सुनकर अक्टूबर में परीक्षा कराने का निर्देश दिया।
STET क्या है?
STET यानी State Teacher Eligibility Test बिहार के सरकारी स्कूलों में शिक्षक बनने के लिए जरूरी परीक्षा है। पेपर-1 9वीं-10वीं और पेपर-2 11वीं-12वीं के लिए लिया जाता है।
पिछले साल 2024 में 2.97 लाख उम्मीदवार पास हुए थे। पेपर-1 का पास प्रतिशत 73.77% और पेपर-2 का 64.44% था।


