पटना में सरकारी नौकरी की मांग को लेकर मंगलवार को अभ्यर्थियों ने मोर्चा खोल दिया. BPSC TRE-4 के कैंडिडेट शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के आवास का घेराव करने पहुंचे, तो ग्रुप-D के अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री आवास की ओर मार्च किया. पुलिस ने ग्रुप-D कैंडिडेट्स को जेपी गोलंबर के पास रोक दिया. इसके बाद करीब 500 प्रदर्शनकारी वहीं धरने पर बैठ गए.
BPSC TRE-4 में शिक्षक भर्ती के पदों की संख्या बढ़ाई गई है. पहले 32,388 पदों पर भर्ती होनी थी, जिसे बढ़ाकर अब 33,320 कर दिया गया है. यानी 932 पद बढ़े हैं.
माध्यमिक विद्यालयों में 493 और उच्च माध्यमिक स्कूलों में 439 नए पद जोड़े गए हैं. TRE-4 के लिए आवेदन प्रक्रिया 26 सितंबर से शुरू हो चुकी है.
पद बढ़ने के बावजूद अभ्यर्थियों का प्रदर्शन जारी है. उनकी मांग है कि CTET 2026 में अपीयर हुए अभ्यर्थियों को भी TRE-4 की परीक्षा में शामिल होने का मौका दिया जाए. इसी मांग को लेकर अभ्यर्थी मंगलवार को शिक्षा मंत्री के आवास पहुंचे.
ग्रुप-D कैंडिडेट बोले- परीक्षा हो गई, नियुक्ति कब?
ग्रुप-D के अभ्यर्थी नियुक्ति की मांग को लेकर गांधी मैदान से मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने निकले थे. पुलिस ने जेपी गोलंबर के पास बैरिकेडिंग लगाकर मार्च रोक दिया. इसके बाद करीब 500 अभ्यर्थी वहीं धरने पर बैठ गए.
प्रदर्शनकारियों के हाथों में तिरंगा और पोस्टर-बैनर हैं. एक पोस्टर पर लिखा है, “चपरासी की परीक्षा ली तो नियुक्ति दो, नियुक्ति नहीं तो मृत्यु दो।” कुछ प्रदर्शनकारी फोल्डिंग लगाकर भी धरने पर बैठे हैं.
प्रदर्शनकारियों का दावा है कि वे पिछले करीब 30 दिनों से गर्दनीबाग में धरना दे रहे थे. एक अभ्यर्थी के मुताबिक, करीब 9,720 कैंडिडेट भर्ती प्रक्रिया में शामिल हैं. उनके अनुसार 2023 में फॉर्म भरा गया और 2024 में परीक्षा हुई, लेकिन अब तक नियुक्ति नहीं हुई है.
एक अन्य प्रदर्शनकारी ने बताया कि उसने 2012 में फॉर्म भरा था. उसका कहना है कि भर्ती में आठवीं और मैट्रिक स्तर के अभ्यर्थियों से परीक्षा ली गई, लेकिन सवाल काफी कठिन थे. अभ्यर्थियों का कहना है कि वे लंबे समय से सरकार से नियुक्ति की मांग कर रहे हैं.
जेपी गोलंबर पर बैरिकेडिंग, भारी पुलिस बल तैनात
प्रदर्शन को देखते हुए पटना में कई जगह बैरिकेडिंग की गई है. सुरक्षा के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है. मौके पर वाटर कैनन और राइट कंट्रोल वाहन भी मौजूद हैं.
फिलहाल ग्रुप-D के अभ्यर्थी जेपी गोलंबर पर धरने पर बैठे हैं, जबकि TRE-4 अभ्यर्थी CTET 2026 में अपीयर कैंडिडेट्स को परीक्षा में शामिल करने की मांग को लेकर शिक्षा मंत्री के आवास के बाहर प्रदर्शन कर रहे हैं.
Also Read : यूपी : महागठबंधन में 150 से कम सीटों पर नहीं लड़ेगी कांग्रेस, 403 सीटों पर तैयारी

