Johar Live Desk : भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह को लॉरेंस गैंग की ओर से धमकी मिली है। धमकी देने वाले ने कहा कि अगर वह सलमान खान के साथ बिग बॉस-19 के फिनाले में मंच साझा करते हैं, तो उन्हें इंडस्ट्री में काम नहीं करने दिया जाएगा।
पवन सिंह ने बताया कि शनिवार को उन्हें एक अनजान नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताया और कहा कि पवन सिंह को सलमान खान के साथ मंच साझा नहीं करना चाहिए। इसके साथ ही मोटी रकम की मांग भी की गई और पूरी न होने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई।
घटना के तुरंत बाद पवन सिंह की टीम ने सुरक्षा एजेंसियों को पूरी जानकारी दी। पुलिस ने उनकी सुरक्षा बढ़ा दी है और धमकी देने वाले कॉल के स्रोत की जांच शुरू कर दी है।
धमकी के बावजूद पवन सिंह बिग बॉस-19 के फिनाले में शामिल होंगे। पवन सिंह भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के पावर स्टार हैं और वह पहले रियलिटी शो और राजनीति में भी सक्रिय रहे हैं।
बिश्नोई गैंग और सलमान खान के विवाद का इतिहास 1998 से चला आ रहा है। यह विवाद ‘हम साथ साथ हैं’ फिल्म के दौरान कथित काले हिरण के शिकार से जुड़ा है। हाल ही में सलमान के दोस्त बाबा सिद्दीकी की मौत के बाद उन्हें भी धमकी भरा मैसेज मिला था, जिसमें 5 करोड़ रुपए की मांग की गई थी।
Also Read : गिरिडीह में सड़क हादसा: चार घायल, स्थानीय लोगों ने मांग किया स्पीड ब्रेकर लगाने की
Also Read : बंधु तिर्की का BJP पर बड़ा हमला, कहा – झारखंड की चुनी सरकार का अपमान कर रही है भाजपा


