Hazaribagh : हजारीबाग जिले के केरेडारी थाना क्षेत्र में पुलिस ने संगठित अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। 6 दिसंबर 2025 को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि कुछ अपराधकर्मी बुण्डु जंगल के पास हथियार और गोलियों के साथ किसी गंभीर घटना को अंजाम देने की तैयारी कर रहे हैं। इस सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बड़कागांव के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई और इलाके में पैदल छापामारी अभियान चलाया गया।
शाम करीब 7:15 बजे पुलिस ने बुण्डु जंगल के पास चार संदिग्ध व्यक्तियों को हथियारों के साथ पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अर्जुन करमाली उर्फ जयकांत उर्फ भैरव सिंह, समीर कुमार, राहुल कुमार और निखिल विश्वकर्मा के रूप में हुई। पूछताछ में अर्जुन करमाली ने स्वीकार किया कि वह आलोक गिरोह का सदस्य है और 23 नवंबर 2025 को रूपलाल करमाली की हत्या में शामिल था। उन्होंने बताया कि पहले पिस्टल से फायर किया गया था, लेकिन गोली फंस जाने के कारण कारबाइन मशीनगन से फायर कर हत्या की गई।
पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से एक कारबाइन मशीनगन, तीन पिस्टल, नौ जिंदा गोलियाँ, आठ मोबाइल फोन, दो मोबाइल बैटरी, दो सिम युक्त राउटर और एक स्मार्टवॉच बरामद किया। गिरफ्तार सभी आरोपियों का इरादा N.T.P.C. कोयला खनन परियोजना में लेवी न मिलने के कारण किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने का था।
मुख्य आरोपी अर्जुन करमाली के खिलाफ पहले से 15 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें हत्या, रंगदारी, लूट और संगठित अपराध से जुड़े गंभीर आरोप शामिल हैं। पुलिस ने सभी गिरफ्तार आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, थाना प्रभारी, ओपी प्रभारी, तकनीकी शाखा और S.A.T.-03 के सशस्त्र बल शामिल रहे।

Also Read : भोजपुरी स्टार पवन सिंह को धमकी, बिग बॉस फिनाले में भाग लेंगे लेकिन सुरक्षा बढ़ाई गई


