Dhanbad : धनबाद के गोविंदपुर थाना क्षेत्र के सहराज गांव में बिजली चोरी रोकने और छापेमारी के दौरान निरसा सब-डिविजन के SDO नीतीश कुमार पर एक महिला की गरिमा भंग करने का आरोप लगा है। घटना के बाद ग्रामीणों और बिजली विभाग की टीम के बीच झड़प हुई।
ग्रामीणों ने स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी को घटना की जानकारी दी। मंत्री ने धनबाद एसएसपी को दोनों पक्षों की प्राथमिकी दर्ज कर निष्पक्ष जांच कराने के निर्देश दिए। हालांकि, मंत्री के बयान पर झारखंड राज्य ऊर्जा मित्र संघ ने विरोध जताया है। संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि ऊर्जा मित्र बिजली चोरी रोकने और राजस्व वसूलने का काम करते हैं और मंत्री की टिप्पणी कर्मियों का मनोबल तोड़ने जैसी है।
संघ के संस्थापक संतोष प्रसाद कुशवाहा ने कहा कि छापेमारी के दौरान ऊर्जा मित्रों के साथ मारपीट हुई और कई कर्मी घायल हुए। झारखंड स्टेट इलेक्ट्रिक सप्लाई वर्कर्स यूनियन के क्षेत्रीय सचिव बबन प्रसाद ने बताया कि भीड़ ने लाठी-डंडे और पत्थर से हमला किया और सरकारी वाहन को नुकसान पहुंचाया। स्वास्थ्य मंत्री के हस्तक्षेप के बाद प्रशासन सक्रिय हुआ है। अब यह देखना बाकी है कि महिला द्वारा लगाए गए आरोप और कर्मियों पर हुए हमलों के मामले में आगे क्या कार्रवाई होती है।
Also Read : अवैध कोयला खनन पर शिकंजा कसने गई टीम पर हमला, दो जख्मी


