Dhanbad : धनबाद के पुटकी थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। करकेंद सुदामडीह कॉलोनी में बीती देर रात पुरानी रंजिश को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मामूली कहासुनी के बाद पड़ोसी ने सरेआम फायरिंग कर दी, जिसमें 50 वर्षीय कार ड्राइवर अजय कुमार सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।
इलाके में मची अफरा-तफरी
गोली चलने की आवाज सुनते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से परिजन अजय कुमार सिंह को तुरंत धनबाद के SNMMCH अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद अस्पताल परिसर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं कॉलोनी में दहशत का माहौल बना हुआ है।
पुलिस जांच में जुटी, आरोपी फरार
मृतक के बेटे के फर्द बयान के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने उसके घर पर छापेमारी की, लेकिन वह मौके से फरार मिला। पुलिस ने घटनास्थल से एक जिंदा 9 एमएम की गोली और एक खोखा बरामद किया है। सड़क और आसपास खून के धब्बे भी मिले हैं, जो घटना की गंभीरता को दर्शाते हैं।
इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात
पुलिस के अनुसार, दोनों पड़ोसियों के बीच लंबे समय से आपसी रंजिश चली आ रही थी, जो इस खूनी वारदात में बदल गई। फिलहाल FIR दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। स्थिति को देखते हुए किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
Also Read : WPL 2026: प्लेऑफ की जंग में UPW बनाम GG, वडोदरा में होगा हाई-वोल्टेज मुकाबला


