जोहार लाइव ब्यूरो
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी के बेटे विवादों में आ गए हैं. पेशे से फोटोग्राफर रेहान वाड्रा अपने फोटोग्राफ्स की प्रदर्शनी लगान जा रहे थे. जो उन्होंने हाल के दिनों में दिल्ली में हुए विभिन्न विरोध प्रदर्शनों के दौरान खींची थी. यह प्रदर्शनी नई दिल्ली स्थित प्रसिद्ध बिकानेर हाउस में लगने वाली थी. लेकिन अब प्रदर्शनी लगने से पहले विवादों में आ गई है.
रेहान वाड्रा ने आरोप लगाया है कि दिल्ली के बीकानेर हाउस में उनकी एकल प्रदर्शनी शुरू होने से पहले प्रशासन ने उनकी कई तस्वीरें हटवा दीं.
दरअसल पूरा मामला ये है कि, रेहान की प्रदर्शनी ‘नो आइडिया इज फाइनल’ बुधवार 21 अक्टूबर को शाम 7 बजे बीकानेर हाउस में शुरू होनी थी. उनके मुताबिक, प्रदर्शनी से करीब 24 घंटे पहले बीकानेर हाउस प्रबंधन ने उनसे संपर्क किया और कहा कि कुछ तस्वीरें आपत्तिजनक हो सकती हैं या उनकी नीति के खिलाफ हो सकती हैं.
रेहान ने कहा, “मैंने कहा कि मुझे नहीं लगता कि ऐसा है, लेकिन मैं इस मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार हूं. मैंने उनसे आपत्तियां लिखित में बताने को कहा.”
105 में से 70 तस्वीरें हटाने को कहा गया
रेहान के अनुसार, दोपहर करीब 12:30 बजे उप आवासीय आयुक्त का फोन आया. उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी की 105 तस्वीरों में से 70 हटानी होंगी, क्योंकि कथित तौर पर वे बीकानेर हाउस की नीति के खिलाफ हैं.
रेहान ने कहा, “आखिरकार, वह उनका परिसर था.” उन्होंने बताया कि नीति की समीक्षा के बाद वे पहले ही उन तस्वीरों को अलग कर चुके थे, जिनमें साफ तौर पर राजनीतिक नारे लिखे थे.
रेहान के मुताबिक, अधिकारियों का तर्क था कि विरोध प्रदर्शनों का संदर्भ और दिल्ली में जो कुछ हो रहा है, वही इन तस्वीरों को राजनीतिक बनाता है, इसलिए इन्हें हटाना होगा.
रेहान ने बताया कि तस्वीरें हटाने के बाद अधिकारी दोबारा निरीक्षण के लिए आए और कहा कि तस्वीरों की व्यवस्था अब भी ठीक नहीं है. इसके बाद ईमेल भेजकर कुछ और तस्वीरें हटाने को कहा गया. रेहान के अनुसार, उन्होंने ये तस्वीरें भी हटा दीं और अधिकारियों ने इन्हें अलग रखने को कहा.
भारतीय झंडे की तस्वीरों पर आपत्ति
रेहान का आरोप है कि अधिकारी इसके बाद फिर आए और भारतीय झंडे की दो तस्वीरें भी हटाने को कहा.
उन्होंने कहा, “मैंने कहा, ‘लेकिन ये तो सिर्फ भारतीय झंडे की तस्वीरें हैं. मुझे नहीं लगता कि आपकी नीति में ऐसा कुछ है, जिसके तहत भारतीय झंडे की तस्वीरें हटाना जरूरी हो.'”
रेहान के मुताबिक, उन्होंने साफ कहा कि अगर अधिकारी ये तस्वीरें हटवाना चाहते हैं तो अपनी मांग लिखित में दें. उन्हें लिखित में कुछ नहीं भेजा गया.
रेहान का दावा है कि अधिकारियों ने एक तस्वीर वहीं रहने दी, लेकिन जब वे उद्घाटन के लिए कपड़े बदलने घर गए थे, तब भारतीय झंडे की दूसरी तस्वीर खुद हटा दी गई.
रेहान ने कहा, “मेरे पास इसका वीडियो है, जिसमें उन्हें ऐसा करते हुए देखा जा सकता है.”
Also Read : झारखंड: साहिबगंज में ड्यूटी के दौरान CISF जवान की मौत, मालगाड़ी का वैक्यूम ठीक करने उतरे थे अशोक कुमार घड़ेई

