साहिबगंज: जिले में फरक्का-ललमटिया एमजीआर रेल लाइन पर ड्यूटी के दौरान हुए हादसे में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के जवान की मौत हो गई. जवान का पहचान अशोक कुमार घड़ेई के रूप में की गई है. गुरुवार तड़के चुटिया और कुंवरपुर के बीच यह दुर्घटना हुई.
जवान कोयला लेकर जा रही मालगाड़ी पर ड्यूटी कर रहे थे. बताया जा रहा है कि ट्रेन का वैक्यूम ठीक करने के लिए नीचे उतरने के दौरान वह हादसे का शिकार हो गए. गंभीर रूप से घायल जवान को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
वैक्यूम ठीक करने के दौरान हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अशोक कुमार घड़ेई एनटीपीसी फरक्का में तैनात थे. उनकी ड्यूटी कोयला लेकर जा रही मालगाड़ी पर थी. मालगाड़ी गोड्डा जिले के ललमटिया स्थित कोयला खदान से कोयला लेकर पश्चिम बंगाल के फरक्का स्थित एनटीपीसी पावर प्लांट जा रही थी.
इसी दौरान ट्रेन का वैक्यूम ठीक करने के लिए जवान नीचे उतरे. तभी वह ट्रेन के पहिए की चपेट में आ गए. हादसे में उनके सिर में गंभीर चोट लगी और जांघ भी कट गई.
घायल जवान को पुलिसकर्मी बरहड़वा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए राजमहल अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया गया.
ओडिशा के रहने वाले थे जवान
मृत जवान अशोक कुमार घड़ेई मूल रूप से ओडिशा के श्री अरविंद नगर के रहने वाले थे. उनकी मौत की खबर से विभाग में शोक का माहौल है. घटना के संबंध में पुलिस छानबीन कर रही है.
फरक्का-ललमटिया एमजीआर रेल लाइन का इस्तेमाल मुख्य रूप से कोयले की ढुलाई के लिए किया जाता है. इस मार्ग से गोड्डा जिले की ललमटिया कोयला खदान से पश्चिम बंगाल के फरक्का स्थित एनटीपीसी पावर प्लांट तक कोयला पहुंचाया जाता है. कोयले की चोरी रोकने के लिए मालगाड़ियों पर CISF के जवान तैनात रहते हैं. अशोक कुमार घड़ेई भी इसी सुरक्षा व्यवस्था के तहत ड्यूटी कर रहे थे.

