Ranchi : बिरसा कृषि विश्वविद्यालय (BAU) के कैंपस में बुधवार को ‘ARAC-2026’ मिलन समारोह का आयोजन हुआ, जिसमें पूर्व छात्रों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। कार्यक्रम में शामिल अधिकांश सदस्य रिटायर हो चुके थे, लेकिन कैंपस में कदम रखते ही उनका उत्साह देखकर ऐसा लगा मानो वे फिर से कॉलेज के दिन याद कर रहे हों।
कार्यक्रम में परिवार सहित आए कई पूर्व छात्र अपने पुराने दोस्तों से मिलने पर भावुक हो गए। देश के अलग-अलग हिस्सों से आए इन पूर्व छात्रों ने साबित किया कि दिल हमेशा जवान रह सकता है।

कुलपति ने बताया ‘एल्युमिनाई’ ही असली ताकत
कार्यक्रम का उद्घाटन कुलपति डॉ. एस.सी. दुबे ने किया। उन्होंने कहा कि किसी भी विश्वविद्यालय की असली पहचान उसकी बिल्डिंग नहीं, बल्कि वहां से निकले छात्र और पूर्व छात्र होते हैं। इस अवसर पर एक विशेष स्मारिका भी जारी की गई, जिसमें पुराने किस्से, अनुभव और लेख शामिल हैं।
डॉ. हेमंत कुमार तांतिया बने ‘गेस्ट ऑफ ऑनर’
मुंबई में कस्टम और जीएसटी के जॉइंट कमिश्नर डॉ. हेमंत कुमार तांतिया (IRS) इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने अपने पुराने कॉलेज के अनुभव साझा किए और देशभक्ति गीत ‘भारत मां की संतान हम’ की प्रस्तुति दी। उनके इस गीत की तारीफ पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी कर चुके हैं। डॉ. तांतिया ने युवा छात्रों को अनुशासन और राष्ट्र सेवा की सीख दी और झारखंड की संस्कृति पर आधारित अपनी रचनाएँ प्रस्तुत कीं।

मंच पर दिखी पूर्व छात्र और शिक्षकों की टोली
इस अवसर पर जेपीएससी की पूर्व अध्यक्ष डॉ. निलिमा केरकेट्टा, कृषि विभाग के डीन डॉ. डी.के. शाही, डॉ. मनीगोपा चक्रवर्ती, अशोक ठाकुर, डॉ. केके सहाय, डॉ. असीम सरकार, डॉ. अरुण तिवारी, डॉ. ए. वदूद, डॉ. बीके सिंह और डॉ. शिवा सहित कई दिग्गज मौजूद रहे।

Also Read : डायन बिसाही के शक में मां-बेटे को पेट्रोल डालकर जलाया, 12 आरोपी थाने में सरेंडर

