झारखंड की राजधानी रांची पहली बार एशिया के सबसे पुराने फुटबॉल टूर्नामेंट डूरंड कप-2026 की मेजबानी करने जा रही है. रांची स्थित मोरहाबादी के बिरसा मुंडा स्टेडियम में 135वें डूरंड कप का शुभारंभ 26 जुलाई को होगा. उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन शामिल होंगे.
रविवार को स्टेडियम परिसर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में खेल निदेशक छवि रंजन ने बताया कि राज्य सरकार ने टूर्नामेंट को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं. इस दौरान इंडियन आर्मी के प्रतिनिधि मनोज कुमार झा भी मौजूद रहे.
दर्शकों के लिए मुफ्त टिकट
राज्य सरकार ने मैच देखने के लिए दर्शकों को निःशुल्क टिकट उपलब्ध कराने का फैसला किया है. टिकटों का वितरण 22 जुलाई से 16 अगस्त 2026 तक प्रतिदिन सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक किया जाएगा। एक व्यक्ति को अधिकतम चार टिकट मिलेंगे.
टिकट वितरण के लिए स्टेडियम परिसर में गेट नंबर 11 से 13 के बीच 10 काउंटर और गेट नंबर 23 के पास दो अतिरिक्त काउंटर बनाए गए हैं. प्रशासन ने दर्शकों से मैच शुरू होने से कम से कम एक घंटे पहले स्टेडियम पहुंचने की अपील की है, ताकि सुरक्षा जांच में किसी तरह की परेशानी न हो.
24 टीमें लेंगी हिस्सा
खेल निदेशक ने बताया कि वर्ष 1888 में शुरू हुआ डूरंड कप एशिया का सबसे पुराना और दुनिया का तीसरा सबसे पुराना फुटबॉल टूर्नामेंट है. इसके 135वें संस्करण में 24 टीमें पांच मेजबान शहरों में खिताब के लिए मुकाबला करेंगी. प्रतियोगिता में इंडियन सुपर लीग (ISL) और आई-लीग के क्लबों के अलावा भारतीय सशस्त्र बलों तथा विदेशी सैन्य टीमों की भी भागीदारी होगी.
सुरक्षा के रहेंगे कड़े इंतजाम
टूर्नामेंट के दौरान स्टेडियम में सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त रहेगी. दर्शकों को हथियार, पटाखे, बड़े बैग, बाहरी खाद्य सामग्री, शराब, तंबाकू उत्पाद, ड्रोन, प्रोफेशनल कैमरे, लैपटॉप, बड़े पावर बैंक, हेलमेट, मेगाफोन, एयर हॉर्न, बड़े झंडे, लेजर पॉइंटर और एरोसोल स्प्रे जैसी वस्तुएं ले जाने की अनुमति नहीं होगी.
राज्य सरकार का कहना है कि रांची में पहली बार डूरंड कप की मेजबानी मिलना झारखंड के खेल इतिहास के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है. इससे राज्य में फुटबॉल को नई पहचान मिलने के साथ-साथ खेल पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा.
Also Read : रांची में पहली बार फुटबॉल का महाकुंभ, सजने लगा डूरंड कप का मंच

