जोहार लाइव ब्यूरो
झारखंड सरकार ने राज्य की कानून व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने के उद्देश्य से पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल किया है. राज्य पुलिस स्थापना परिषद की बैठक में लिए गए निर्णय के आलोक में पुलिस मुख्यालय ने तत्काल प्रभाव से 41 पुलिस निरीक्षकों (इंस्पेक्टर) का स्थानांतरण अलग-अलग जिलों और इकाइयों में कर दिया है.
इस संबंध में महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक के आदेशानुसार पुलिस महानिरीक्षक (मानवाधिकार) द्वारा सोमवार, 20 जुलाई 2026 को आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है.
इन प्रमुख अफसरों का हुआ ट्रांसफर
जारी सूची के अनुसार, विभिन्न महत्वपूर्ण विंग जैसे एटीएस (ATS), झारखंड जगुआर, रेल धनबाद, रेल जमशेदपुर और सीटीसी मुसाबनी से बड़े पैमाने पर निरीक्षकों को हटाकर जिला बल में भेजा गया है, जबकि कई जिला बल के अधिकारियों को विशेष इकाइयों में तैनात किया गया है.
एटीएस से जिला बल: एटीएस रांची में तैनात इंस्पेक्टर घनश्याम प्रसाद साह और अभिनन्दन कुमार को रांची जिला बल में भेजा गया है.
झारखंड जगुआर से बड़े पैमाने पर बदलाव: झारखंड जगुआर से अमित रौशन कुल्लू (चाईबासा जिला बल), प्रभाकर मुण्डा (चाईबासा), मनोरंजन प्रसाद सिंह (लातेहार), रमेश मुर्मू (रांची), अजय मिंज (गुमला) और जगदेव पाहन तिर्की (चतरा) समेत कई अधिकारियों का तबादला जिला बल में किया गया है.
रेल पुलिस में फेरबदल: रेल धनबाद में तैनात बाबू वंशी साव (खूंटी), चिन्तामन रजक (गुमला), पंकज कुमार दास (जामताड़ा), राकेश मुण्डा (पलामू) और रेल जमशेदपुर से प्रदीप मिंज को लातेहार जिला बल में भेजा गया है.
सीटीसी मुसाबनी और अपराध अनुसंधान विभाग (CID): इन विभागों के भी कई इंस्पेक्टरों को इधर से उधर किया गया है, जिनमें आनंद कुमार झा, उत्तम कुमार तिवारी और महेन्द्र दास जैसे नाम शामिल हैं.
अविलंब विरमित करने का निर्देश
आदेश में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि संबंधित जिलों के वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) और पुलिस अधीक्षक (SP) स्थानांतरित किए गए सभी पुलिस निरीक्षकों को बिना किसी देरी के अविलंब विरमित करेंगे. साथ ही, उनका भौतिक रूप से प्रस्थान सुनिश्चित कराते हुए इसकी अनुपालन रिपोर्ट पुलिस मुख्यालय, झारखंड को जल्द से जल्द उपलब्ध कराएंगे.
इस फेरबदल की प्रतिलिपि सभी प्रक्षेत्रों के एडीजी, आईजी, डीआईजी और संबंधित जिलों के एसपी को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेज दी गई है.
Also Read : डीजे संदीप प्रमाणिक हत्याकांड : मुख्य आरोपी अभिषेक सिंह समेत 10 दोषी करार

