Dhanbad : धनबाद मेयर चुनाव के बीच सिंदरी इलाके में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब झामुमो समर्थित प्रत्याशी चंद्रशेखर अग्रवाल के निर्माणाधीन चुनाव कार्यालय में बीती देर रात अचानक आग लग गई। यह कार्यालय शहरपुरा मैदान के पास बनाया जा रहा था और सोमवार यानि की आज इसका उद्घाटन होना था। लेकिन उससे पहले ही आग की घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी।
बांस-बल्ला और कपड़े से बना था अस्थायी कार्यालय
जानकारी के मुताबिक, मैदान के समीप बांस-बल्ला और कपड़े से अस्थायी टेंट कार्यालय तैयार किया जा रहा था। देर रात अचानक लोगों ने आग की लपटें उठती देखीं। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मजदूरों को सूचना दी। मजदूर मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन सामान को नुकसान पहुंचा है।
संयोग या साजिश? पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही प्रत्याशी चंद्रशेखर अग्रवाल ने स्थानीय पुलिस और संबंधित अधिकारियों को जानकारी दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची, स्थल का निरीक्षण किया और जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आग लगने की असली वजह साफ नहीं हो पाई है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं—शॉर्ट सर्किट से लेकर साजिश तक—की जांच की जा रही है।
प्रत्याशी ने जताई साजिश की आशंका
चंद्रशेखर अग्रवाल ने इस घटना को संदिग्ध बताते हुए कहा कि यह विरोधियों की साजिश भी हो सकती है। उनका कहना है कि उन्हें जनता का जबरदस्त समर्थन मिल रहा है और उनकी जीत की संभावना से विरोधी घबराए हुए हैं। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
चुनावी माहौल गरम
इस घटना के बाद धनबाद मेयर चुनाव का माहौल और गरमा गया है। समर्थकों में नाराजगी है, वहीं प्रशासन मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच में जुटा है। अब सबकी नजर पुलिस जांच रिपोर्ट पर टिकी है कि आखिर यह आग हादसा थी या किसी की सोची-समझी चाल।
Also Read : लैंड फॉर जॉब केस : राउज एवेन्यू कोर्ट में आज पेश होंगे लालू-राबड़ी


