Jamshedpur : जमशेदपुर के जुगसलाई थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर सड़क हादसे ने हड़कंप मचा दिया। टाटा पिगमेंट गेट के समीप एक तेज रफ्तार 407 ट्रक ने टाटा ऐस (मिनी ट्रक) को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि टाटा ऐस अनियंत्रित होकर सड़क के डिवाइडर पर चढ़ गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए सड़क पर लंबा जाम लग गया।
चालक ने बताया हादसे का पूरा माजरा
टाटा ऐस के चालक परीक्षित दास ने बताया कि वह टाटा स्टील यूआईएसएल (पूर्व में जुस्को) में कार्यरत हैं। मंगलवार को वे बिष्टुपुर से जुगसलाई रोड की ओर 3 मार्च की तैयारी के सिलसिले में जा रहे थे। उनका वाहन सामान्य गति से चल रहा था। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे 407 ट्रक ने अचानक जोरदार टक्कर मार दी। चालक के अनुसार, टक्कर इतनी तेज थी कि गाड़ी संभलने का मौका ही नहीं मिला और वाहन डिवाइडर पर चढ़ गया।
खलासी और चालक को चोट, स्थानीय लोगों ने तुरंत मदद की
हादसे में टाटा ऐस में सवार खलासी को गर्दन में चोट आई। स्थानीय लोगों ने तुरंत प्राथमिक उपचार किया और बाद में उसे अस्पताल भेजा। चालक परीक्षित दास को भी हाथ में हल्की चोट आई, लेकिन उनकी हालत सामान्य बताई जा रही है। घटना स्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि ट्रक चालक नशे की हालत में था।
पुलिस ने की ट्रक जब्त, पूछताछ जारी
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। ट्रक को जब्त कर चालक को हिरासत में लिया गया और पूछताछ शुरू कर दी। सड़क पर क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल किया गया।
अफरा-तफरी के बाद सामान्य हुई सड़क
हादसे के कारण इलाके में थोड़ी देर के लिए ट्रैफिक ठप रहा, लेकिन पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से जाम को जल्दी दूर कर दिया गया। चालक और खलासी की स्थिति फिलहाल स्थिर है, और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
Also Read : टाटा स्टील USIL ने बिजली दरों में 17% बढ़ोतरी का प्रस्ताव रखा, उपभोक्ताओं में नाराज़गी


