Dhanbad : धनबाद जिले के पूर्वी टुंडी थाना क्षेत्र के खेशमी में श्मशान घाट की जमीन को लेकर चल रहा विवाद आखिरकार प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद सुलझ गया। सोमवार को प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर जमीन की मापी कराई और वहां सरकारी बोर्ड लगा दिया।
भू-माफियाओं की नजर में थी जमीन
रामपुर पंचायत के खेशमी जोड़िया स्थित यह जमीन लंबे समय से विवाद में थी। ग्रामीणों का आरोप था कि इस पर अवैध कब्जे की कोशिशें हो रही थीं। लगातार बढ़ते तनाव के बाद लोगों ने प्रशासन से कार्रवाई की मांग की थी।
पुलिस की मौजूदगी में हुई मापी
अंचल अधिकारी सुरेश प्रसाद वर्णवाल के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची। खाता संख्या 101, प्लॉट संख्या 554 की 11 डिसमिल जमीन की विधिवत मापी कराई गई। इस दौरान अमीन, राजस्व कर्मचारी और पुलिस बल भी मौजूद रहे।
जमीन पर लगा सरकारी बोर्ड
मापी के बाद प्रशासन ने जमीन को गैर-आबाद सरकारी भूमि घोषित करते हुए वहां बोर्ड लगा दिया। साफ चेतावनी दी गई कि अब इस जमीन पर कोई भी अवैध कब्जा, निर्माण या खरीद-बिक्री करने पर सख्त कार्रवाई होगी।
ग्रामीणों को मिली राहत
प्रशासन की इस कार्रवाई से गांव के लोगों ने राहत की सांस ली है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि अब इस जमीन पर किसी तरह का अवैध काम नहीं होगा और श्मशान घाट की जमीन सुरक्षित रहेगी।
Also Read : बाबा साहेब की 135वीं जयंती : रांची में राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने दी श्रद्धांजलि

