Jamshedpur : जमशेदपुर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, घटना साकची थाना क्षेत्र के काशीडीह लाइन नंबर-1 में गुरुवार सुबह की है, जहां 21 साल के प्रेम पासवान पर चापड़ से जानलेवा हमला किया गया। हमले में प्रेम गंभीर रूप से घायल हो गया और परिजनों तथा स्थानीय लोगों की मदद से उसे एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, युवक की स्थिति नाजुक बनी हुई है और डॉक्टरों की टीम लगातार निगरानी कर रही है।
घायल युवक के मामा ने बताया कि बुधवार देर शाम प्रेम की मां का मोबाइल चार्जर और कुछ नगदी चोरी हो गई थी। इस चोरी का आरोप पड़ोस में रहने वाले राहुल पासवान पर लगाया गया था। इसी बात को लेकर बुधवार रात प्रेम और राहुल के बीच कहासुनी हुई, जो गाली-गलौज तक बढ़ गई। उस समय आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया था।
परिजनों का आरोप है कि बदले की भावना में राहुल पासवान ने गुरुवार सुबह अपने कुछ सहयोगियों के साथ मिलकर प्रेम पासवान पर चापड़ से हमला किया। अचानक हुए इस हमले में प्रेम गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गया। हमले के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद काशीडीह इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में हाल के दिनों में चापड़बाजी और हिंसक घटनाओं में लगातार इजाफा हो रहा है, जिससे आम लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
मामले की सूचना मिलते ही साकची थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरी घटना की जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि घायल के बयान और परिजनों की शिकायत के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। पुलिस द्वारा इस मामले में त्वरित कार्यवाही की जा रही है।
Also Read : जामताड़ा के 1 छात्रों का BSF, CISF और CRPF में चयन, DC ने किया सम्मानित

