Jamshedpur : जमशेदपुर के डिमना लेक में पिकनिक के दौरान डीजे पर डांस को लेकर छोटा-सा विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। रविवार शाम हुई इस घटना में एक युवक बेतरह जख्मी हो गया है। इस अचानक हुई वारदात से डिमना लेक परिसर में अफरा-तफरी मच गई और अन्य पिकनिक मनाने वाले लोग दहशत में आ गए।
चापड़ से हमला कर एक युवक गंभीर घायल
मिली जानकारी के अनुसार बोड़ाम थाना क्षेत्र के डिमना लेक में पिकनिक मनाने गए कुछ युवकों के बीच डांस को लेकर बहस हुई। बात पहले मामूली थी, लेकिन जल्दी ही मारपीट में बदल गई। इल्जाम है कि एक युवक ने चापड़ (धारदार हथियार) से हमला कर दिया। इस हमले में मानगो संकोसाई रोड नंबर-1 के निवासी सूरज कुमार राय गंभीर रूप से घायल हो गए। साथ ही बिस्वजीत दास और विश्वजीत कुमार राय (मानगो कुमरुम बस्ती) को भी चोटें आईं।
एक TMH रेफर
वारदात की फैली सूचना के बाद बोड़ाम थाना पुलिस मौके पर पहुंची। सभी जख्मियों को पहले एमजीएम अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक इलाज के बाद सूरज कुमार राय की हालत नाजुक होने पर उन्हें टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) रेफर कर दिया गया। बाकी जख्मियों का इलाज एमजीएम में जारी है।
मुख्य हमलावर पुलिस हिरासत में
पुलिस ने मुख्य हमलावर की पहचान जुगसलाई निवासी नदीम आलम के रूप में की है। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। घटनास्थल से धारदार हथियार भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। बाकी आरोपियों की तलाश जारी है।
Also Read : दो ट्रेनों की आमने-सामने टक्कर, 20 की मौ’त, 73 से ज्यादा घायल


