Garhwa : जिले के मेराल थाना क्षेत्र के एनएच-39 पर बाना महुआ के पास कल देर शाम एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो सड़क डिवाइडर से टकरा गई। इस भीषण हादसे में 50 वर्षीय अनीता देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
शादी से लौट रहे थे लोग
जानकारी के अनुसार स्कॉर्पियो में सवार सभी लोग लगमा के प्रसिद्ध ब्रह्म स्थान मंदिर से रमुना थाना क्षेत्र के कोरगा के निवासी थे और एक शादी समारोह से लौट रहे थे।
चालक ने खोया नियंत्रण, गाड़ी उछलकर सड़क किनारे जा गिरी
बाना महुआ के पास चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया, जिससे गाड़ी सीधे डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन उछलकर सड़क किनारे दूर जा गिरा और गाड़ी के परखच्चे उड़ गए।
घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया
हादसे के तुरंत बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को मेराल सीएचसी पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति वाले घायलों को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. दीपक कुमार सिन्हा ने बताया कि एक घायल की हालत नाजुक बनी हुई है, जबकि अन्य को भी गंभीर चोटें आई हैं।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और हादसे के कारणों की पड़ताल कर रही है। स्थानीय लोग हादसे की भयावहता से स्तब्ध हैं।
Also Read : हाईकोर्ट के रिटायर्ड जज डीपी सिंह का निधन, न्यायिक महकमे में शोक


