Chaibasa : चाईबासा शहर के बोदरा चौक के पास हुए एक सड़क हादसे में 23 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान आकाश सामड़ के रूप में हुई है। वह तांतनगर थाना क्षेत्र के गितीलआदेर गांव का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि वह इन दिनों अपने चाचा अजबन सामड़ के साथ बोदरा चौक स्थित उनके गैरेज में रहकर काम करता था।
सब्जी लेने जा रहा था युवक
मिली जानकारी के अनुसार आकाश सामड़ शनिवार रात रोज की तरह सब्जी लेने के लिए तांबो चौक की ओर जा रहा था। वह वहां स्थित एक होटल में सब्जी लेने जाता था। इसी दौरान तांबो चौक से करीब 500 मीटर पहले बोदरा चौक के पास बायपास रोड पर अचानक पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार छोटी गाड़ी ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि आकाश सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल
घटना की जानकारी मिलते ही मुफस्सिल थाना प्रभारी विनोद कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से घायल आकाश सामड़ को तुरंत सदर अस्पताल चाईबासा पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही उसके परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई।
अज्ञात वाहन की तलाश में पुलिस
मुफस्सिल थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि हादसा करने वाले अज्ञात वाहन की पहचान के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है ताकि वाहन और चालक का पता लगाया जा सके। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और वाहन की पहचान होते ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Also Read : धनबाद का वासेपुर फिर गरमाया : प्रिंस खान का वीडियो वायरल, इकबाल ने दी सीधी चुनौती

