jamshedpur : जादूगोड़ा और आसपास के क्षेत्रों के लोगों की वर्षों पुरानी मांग आखिरकार पूरी हो गई। राखा माइंस रेलवे स्टेशन पर उत्कल एक्सप्रेस (18477/18478) का आधिकारिक ठहराव शुरू कर दिया गया। इस ऐतिहासिक मौके पर सांसद विद्युत वरण महतो ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। स्टेशन पर रेलवे अधिकारी, जनप्रतिनिधि और स्थानीय ग्रामीण बड़ी संख्या में मौजूद रहे। लोगों ने सांसद का फूल-मालाओं से स्वागत किया और उनका आभार व्यक्त किया।
वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी
राखा माइंस स्टेशन पर उत्कल एक्सप्रेस के ठहराव की मांग क्षेत्र के लोग लंबे समय से कर रहे थे। जादूगोड़ा, राखा और आसपास के गांवों के लोग लंबी दूरी की यात्रा के लिए टाटानगर या अन्य दूरस्थ स्टेशनों पर जाना पड़ता था, जिससे उन्हें परेशानी होती थी। सांसद विद्युत वरण महतो ने इस समस्या को गंभीरता से लिया और रेल मंत्रालय के समक्ष लगातार प्रयास किए। 11 फरवरी को रेल मंत्रालय ने उत्कल एक्सप्रेस के राखा माइंस स्टेशन पर ठहराव को मंजूरी दी। शनिवार को इसका औपचारिक शुभारंभ कर दिया गया।
आसपास के सैकड़ों गांवों को मिलेगा लाभ
उत्कल एक्सप्रेस के ठहराव से जादूगोड़ा, राखा, कुलडीहा, नरवा, आसनबनी सहित सैकड़ों गांवों और कस्बों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। अब यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा के लिए दूरस्थ स्टेशनों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस ठहराव से शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य सेवाओं और तीर्थ यात्रा के लिए आवागमन आसान होगा। साथ ही, क्षेत्र के व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
सांसद ने रेलवे मंत्रालय का जताया आभार
कार्यक्रम में सांसद महतो ने कहा कि यह क्षेत्र की जनता की लंबे समय से चली आ रही मांग थी। उन्होंने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, रेलवे के महाप्रबंधक और खड़गपुर मंडल के अधिकारियों का धन्यवाद किया। सांसद ने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए इसी तरह प्रयास लगातार जारी रहेंगे।
क्षेत्र के विकास की दिशा में बड़ा कदम
भाजपा जिला उपाध्यक्ष मनोज प्रताप सिंह ने कहा कि सांसद महतो ने हमेशा क्षेत्र की समस्याओं को प्राथमिकता दी है। वहीं, भाजपा जिला मंत्री रोहित सिंह परमार ने कहा कि इस ट्रेन के ठहराव से क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी और लोगों की यात्रा आसान होगी।
बड़ी संख्या में लोग रहे मौजूद
राखा माइंस स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में रेलवे और स्थानीय प्रशासन के कई अधिकारी मौजूद रहे। डीआरएम मनीषा गोयल, सीनियर डीसीएम निशांत कुमार, भाजपा नेता दिनेश साहू, सत्या तिवारी, रोहित सिंह परमार, अशोक विश्वकर्मा, और कई स्थानीय ग्रामीण कार्यक्रम में शामिल हुए। उत्कल एक्सप्रेस के ठहराव की शुरुआत के साथ ही क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला और लोगों ने इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
Also Read : गढ़वा में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो डिवाइडर से टकराई, महिला की मौत, कई घायल

