Johar Live Desk : केंद्रीय सड़क एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने एक अनोखे प्रयोग के तहत मध्य प्रदेश के जबलपुर-भोपाल NH-45 पर ‘रेड टेबल टॉप’ वाली सड़क बनाई है। सड़क पर लाल ब्लॉक का प्रयोग पहली बार किया गया है, जो पहली नजर में जैसे ‘रेड कार्पेट’ बिछा हो, ऐसा प्रतीत होता है।
यह 11.96 किमी लंबी दो और चार लेन सड़क के नौरादेही वन्यजीव अभयारण्य क्षेत्र के संवेदनशील हिस्से में किया गया है। इस दो किलोमीटर की घाटी क्षेत्र में लाल ब्लॉक 5 मिमी ऊंचे हैं, जिससे गाड़ियों में हल्का झटका लगता है। यह ड्राइवरों का ध्यान आकर्षित करता है और वे अपनी स्पीड घटा देते हैं।
NHAI अधिकारी श्रवण कुमार सिंह ने मीडिया को बताया कि इस प्रयोग का उद्देश्य वन्य जीवों और सड़क पर यात्रा करने वाले लोगों दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। इसके अलावा इस हाईवे पर चेन लिंक फेंसिंग, आधुनिक स्पीड डिटेक्टर और विशेष एनिमल अंडरपास भी लगाए गए हैं। इस नई तकनीक से न केवल जंगली जानवरों के सड़क दुर्घटना का शिकार होने का खतरा कम होगा, बल्कि ड्राइवर भी सुरक्षित यात्रा कर सकेंगे।
Also Read : रीझ-रंग 2025–26: रांची विश्वविद्यालय में तीन दिवसीय युवा महोत्सव शुरू


