Ranchi : रांची विश्वविद्यालय परिसर में इन दिनों इंटर कॉलेज यूथ फेस्टिवल रीझ-रंग 2025–26 की धूम है। इस तीन दिवसीय महोत्सव की शुरुआत 18 दिसंबर से हुई है, जो 20 दिसंबर तक चलेगा। फेस्टिवल में युवाओं की कला, संस्कृति और प्रतिभा देखने को मिल रही है।
इस महोत्सव में रांची विश्वविद्यालय से जुड़े विभिन्न कॉलेजों और विभागों के छात्र-छात्राएं भाग ले रहे हैं। फेस्टिवल के दौरान कुल 26 तरह की प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इनमें संगीत, नृत्य, नाटक, चित्रकला, साहित्य सहित कई रचनात्मक विधाएं शामिल हैं। छात्र अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन पूरे उत्साह के साथ कर रहे हैं।
महोत्सव की शुरुआत एक रंगारंग सांस्कृतिक जुलूस के साथ हुई। पारंपरिक वेशभूषा में सजे प्रतिभागियों, लोकनृत्य और झांकियों ने विश्वविद्यालय परिसर को उत्सव का रूप दे दिया। उद्घाटन समारोह में रांची विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डॉ. धर्मेंद्र कुमार सिंह मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया।
कुलपति ने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन छात्रों के व्यक्तित्व विकास में अहम भूमिका निभाते हैं। इससे छात्रों में आत्मविश्वास बढ़ता है और उनकी रचनात्मक क्षमता को मंच मिलता है।
रीझ-रंग महोत्सव छात्रों के लिए न केवल प्रतियोगिता का मंच है, बल्कि एक-दूसरे से सीखने और अपनी पहचान बनाने का भी अच्छा अवसर है। तीन दिनों तक विश्वविद्यालय परिसर में सांस्कृतिक गतिविधियों की रौनक बनी रहेगी।


