मंच पर दिखा उत्साह, लगे नारे
जैसे ही सम्राट चौधरी मंच के आगे आए, सभा में मौजूद समर्थकों के बीच “सम्राट चौधरी जिंदाबाद” के नारे गूंजने लगे। कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। इस दौरान नीतीश कुमार ने लोगों से विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए सरकार का साथ देने की अपील भी की।
भविष्य की राजनीति के संकेत?
इस पूरे घटनाक्रम को राजनीतिक नजर से काफी अहम माना जा रहा है। कई लोग इसे आने वाले समय के संकेत के तौर पर देख रहे हैं। चर्चा यह भी रही कि सम्राट चौधरी को आगे लाकर पार्टी के भीतर नए समीकरण बनाए जा रहे हैं। वहीं, विजय चौधरी की भूमिका को लेकर भी कयास लगाए जा रहे हैं।
विपक्ष पर तीखा हमला
सभा को संबोधित करते हुए नीतीश कुमार ने विपक्ष पर भी जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि पहले जो लोग सत्ता में थे, उन्होंने कोई ठोस काम नहीं किया। जब खुद हटे तो अपने परिवार के लोगों को आगे कर दिया। उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार ने बिहार में कानून व्यवस्था सुधारी है और अब लोगों को सुरक्षा का एहसास हो रहा है। साथ ही स्वास्थ्य, शिक्षा और सड़क जैसे क्षेत्रों में हुए कामों को भी गिनाया।
विकास कार्यों का जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में नए मेडिकल कॉलेज खुले हैं, अस्पतालों में सुविधाएं बढ़ी हैं और गांव-गांव तक सड़क पहुंची है। बिजली व्यवस्था में सुधार का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि अब हर गांव तक बिजली पहुंच चुकी है। युवाओं को रोजगार देने और सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने की बात भी उन्होंने अपने भाषण में दोहराई।
मंच संचालन में दिखी गड़बड़ी
कार्यक्रम के दौरान मंच संचालन में भी कई गड़बड़ियां देखने को मिलीं। एंकर ने एक बार उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को मुख्यमंत्री कह दिया, जिससे कुछ देर के लिए भ्रम की स्थिति बन गई। इसके अलावा स्वागत को लेकर भी तालमेल की कमी दिखी। जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच समन्वय ठीक से नहीं दिखा, जिस वजह से मंच संचालन पर सवाल उठे।
कुल मिलाकर क्या संदेश गया
पूरे कार्यक्रम में जहां एक ओर सरकार ने अपनी उपलब्धियां गिनाईं, वहीं मंच पर नेताओं की मौजूदगी और उनकी पोजिशनिंग ने साफ कर दिया कि सियासत सिर्फ भाषण से नहीं, इशारों से भी चलती है।