Patna : दानापुर में बीती देर रात महाराजा टेंट और इवेंट मैनेजमेंट के गोदाम में भीषण आग लग गई। इस आग में गोदाम में रखा टेंट-पंडाल का सामान, सोफा सेट, क्रॉकरी सहित लाखों रुपये की सामग्री पूरी तरह जलकर खाक हो गई। आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है।
आग लगने के समय गोदाम के अंदर खड़ी एक बुलेट बाइक भी आग की चपेट में आ गई, जिसके बाद जोरदार धमाका हुआ। धमाके के साथ आग तेजी से फैल गई। घटना रिहायशी इलाके में होने के कारण आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपने घरों से बाहर निकलकर सड़क पर आ गए।
स्थानीय लोगों ने तुरंत अग्निशमन विभाग और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने स्थानीय लोगों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना रूपसपुर थाना क्षेत्र के रुकनपुरा विजयनगर, लेन नंबर-6 की है।
आग की लपटें इतनी तेज थीं कि लोग गोदाम के अंदर नहीं जा पा रहे थे। आसपास के अपार्टमेंट से लोग आग का मंजर देखते रहे। आग के फैलने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने लोगों को घटनास्थल से दूर रहने की हिदायत दी और सुरक्षा व्यवस्था संभाली।
अग्निशमन अधिकारी विजय शंकर यादव ने बताया कि बिजली के शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी थी। समय पर दमकल की गाड़ियों के पहुंचने से एक बड़ी दुर्घटना टल गई। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। गोदाम में जले सामान के नुकसान का आकलन अभी किया जा रहा है।
Also Read : रांची समेत इन जिलों में ठंड से थोड़ी राहत, 2-3 दिन तक ऐसा ही रहेगा मौसम


