Ranchi : रांची और आसपास के इलाकों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इससे लोगों को कड़ाके की ठंड से थोड़ी राहत मिली है। हालात ऐसे हैं कि जहां पहले दोपहिया वाहन चालकों को शॉल ओढ़कर निकलना पड़ता था, अब एक स्वेटर से ही काम चल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 2 से 3 दिनों तक यह राहत बनी रह सकती है।
इन जिलों में ठंड का ज्यादा असर
हालांकि राहत के बीच पलामू, गुमला, खूंटी, हजारीबाग, रामगढ़ और चतरा के लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। मौसम विभाग का अनुमान है कि इन जिलों में न्यूनतम तापमान 5 से 6 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। सुबह घना कोहरा, दिनभर ठंडी हवाएं और शाम को बढ़ती ठंड लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है।
कुछ जिलों में ठंड हुई कम
देवघर, साहिबगंज, गोड्डा, दुमका, पाकुड़, पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम तथा सरायकेला-खरसावां जिलों में ठंड का असर कुछ कम हुआ है। यहां न्यूनतम तापमान बढ़कर करीब 11 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जो पहले 7 से 8 डिग्री के आसपास था। हालांकि सुबह और दोपहर के समय ठंडी हवाओं से बचाव जरूरी है।
दो दिन बाद फिर बदल सकता है मौसम
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि दो दिन बाद पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम फिर बदल सकता है। इसके चलते राज्यभर में शीतलहर और कड़कड़ाती ठंड लौटने की संभावना है। कई जिलों में न्यूनतम तापमान दोबारा 5 से 6 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है।
Also Read : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने किया रांची का औचक निरीक्षण, बिना सुरक्षा निकले सड़कों पर


