Dhanbad : धनबाद जिले के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के शिमराटांड़ में शुक्रवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक रुई फैक्ट्री में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने इतना भयानक रूप ले लिया कि पूरा इलाका धुएं से भर गया। आसपास के लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही लपटें तेज हो चुकी थीं।
आग इतनी तेज कि संभलने का मौका नहीं मिला
बताया जा रहा है कि आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी। फैक्ट्री में कपड़ों से रुई बनाने का काम होता था और अंदर बड़ी मात्रा में ज्वलनशील सामग्री मौजूद थी। जैसे ही चिंगारी भड़की, आग तेजी से फैल गई। वहां काम कर रहे मजदूरों में भगदड़ मच गई। इस हादसे में एक मजदूर झुलस गया। उसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
दमकल की गाड़ी पहुंचने में हुई देरी
घटना की सूचना मिलते ही बरवाअड्डा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और अग्निशमन विभाग को खबर दी गई। लेकिन दमकल की गाड़ी को घटनास्थल तक पहुंचने में करीब एक घंटे से ज्यादा का समय लग गया। तब तक आग फैक्ट्री के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले चुकी थी। आग की लपटें फैक्ट्री से निकलकर आसपास की झाड़ियों तक पहुंच गईं, जिससे हालात और बिगड़ गए।
पानी की कमी बनी बड़ी परेशानी
स्थानीय लोगों का कहना है कि फैक्ट्री के आसपास आग बुझाने के लिए पानी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी। अगर समय रहते पानी मिल जाता, तो शायद नुकसान कम हो सकता था। लोग बाल्टी और पाइप के सहारे आग बुझाने की कोशिश करते रहे, लेकिन आग पर काबू पाना आसान नहीं था।
लाखों का नुकसान
फैक्ट्री संचालक तारिक अनवर ने बताया कि उनकी फैक्ट्री में कपड़ों से रुई बनाई जाती थी। शॉर्ट सर्किट से अचानक आग लगी और इतनी तेजी से फैली कि किसी को कुछ समझने का मौका ही नहीं मिला। इस हादसे में रुई बनाने वाली मशीन और एक मोबाइल फोन पूरी तरह जलकर खाक हो गए। उन्होंने बताया कि इस आग में करीब 4 से 5 लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान है।
Also Read : पलामू में रोजगार सेवक घूस लेते रंगेहाथ गिरफ्तार, 6 हजार रुपये ले रहा था रिश्वत

