Johar Live Desk : स्विट्जरलैंड के प्रसिद्ध स्की रिसॉर्ट क्रांस-मोंटाना में नए साल के जश्न के दौरान लगी भीषण आग में मरने वालों की संख्या बढ़कर 47 हो गई है। पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने इसकी पुष्टि की है। यह हादसा वैले कैंटन के अल्पाइन क्षेत्र में स्थित ‘ले कॉन्स्टेलेशन’ नामक बार में हुआ, जहां नए साल का जश्न मनाया जा रहा था।
अधिकारियों के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका। उस समय बार में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे, जिससे भारी नुकसान हुआ। जांचकर्ताओं का मानना है कि आग लगने की वजह ‘फ्लैशओवर’ हो सकती है। इसमें बंद जगह के अंदर गर्म गैसें छत तक पहुंच जाती हैं और तापमान अचानक बहुत बढ़ जाता है, जिससे आसपास की सभी ज्वलनशील चीजें एक साथ जल उठती हैं।
वैले कैंटन की अटॉर्नी जनरल बेआत्रिस पिलू ने बताया कि घटना की गहन जांच की जा रही है। कई चश्मदीदों के बयान दर्ज किए गए हैं और घटनास्थल से मिले मोबाइल फोन की जांच की जा रही है। अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि आग किस क्रम में फैली।
स्विस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि इस घटना को आतंकवादी हमला नहीं माना जा रहा है। आग के बाद राहत और बचाव कार्य पूरी रात चलता रहा। कई एंबुलेंस और हेलीकॉप्टर घायलों को अस्पताल पहुंचाने में लगाए गए। मृतकों की पहचान अभी सार्वजनिक नहीं की गई है और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी है।


