Giridih : गिरिडीह जिले के तिसरी प्रखंड में एक गंभीर सड़क हादसा हुआ। लोकाय थाना क्षेत्र के करमाटांड के पास पुल के समीप एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर चालक इंजन के नीचे दब गया।
जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर बिहार से ईंट खाली कर झारखंड लौट रहा था। इसी दौरान वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गया। दुर्घटना के बाद चालक की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही लोकाय थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। ट्रैक्टर भारी होने के कारण चालक को तुरंत निकालना संभव नहीं था। हालात को देखते हुए पुलिस ने जेसीबी मशीन मंगवाई। इस दौरान ग्रामीण लगातार चालक से बात करते रहे ताकि वह होश में बना रहे।
करीब तीन घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद जेसीबी की मदद से इंजन उठाया गया और चालक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। उसे मौके पर प्राथमिक इलाज दिया गया और फिर बेहतर उपचार के लिए एंबुलेंस से जमुई भेजा गया। डॉक्टरों के अनुसार चालक की हालत फिलहाल स्थिर है। पुलिस और ग्रामीणों की समय पर मदद से एक बड़ा हादसा टल गया।
Also Read : बेड़ो के मुड़हर पहाड़ पर संदिग्ध हालत में मिला किशोर का श’व, पुलिस जांच में जुटी


