Ranchi : रांची जिले के बेड़ो थाना क्षेत्र अंतर्गत खुखरा गांव स्थित मुड़हर पहाड़ पर एक अज्ञात किशोर का शव मिला है। गुरुवार सुबह ग्रामीणों ने पहाड़ पर शव देखा और तुरंत पुलिस को सुचना दी।
मौके पर पहुंची बेड़ो थाना पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर लिया है और फॉरेंसिक जांच टीम के आने का इंतजार किया जा रहा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार किशोर के शव को पत्थरों से बुरी तरह कुचला गया है, जिससे चेहरा और शरीर पहचानने की स्थिति में नहीं है। इसी कारण अब तक मृतक की पहचान नहीं हो पाई है।
शव मिलने की खबर फैलते ही खुखरा समेत आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए। स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौके पर पहुंचे और पुलिस के साथ मिलकर किशोर की पहचान कराने की कोशिश कर रहे हैं।
पुलिस को आशंका है कि यह मामला हत्या से जुड़ा हो सकता है, हालांकि फॉरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और आसपास के थानों में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी खंगाली जा रही है।

Also Read : IICDEM 2026 की तैयारी को लेकर निर्वाचन आयोग ने CEOs का किया सम्मेलन


