Nalanda : नालंदा जिले के नूरसराय थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार को गहरे शोक में डुबो दिया। सिरसिया बीघा गांव के 45 वर्षीय दिलीप यादव, जो रोजाना की तरह साइकिल से मजदूरी करने बिहारशरीफ जा रहे थे, यमुनापुर गांव के पास बिहारशरीफ-पटना मुख्य मार्ग पर अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए। टक्कर इतनी तेज थी कि दिलीप की मौके पर ही मौत हो गई। वह स्वर्गीय ननन यादव के पुत्र थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक तेज रफ्तार वाहन ने साइकिल सवार दिलीप को कुचल दिया और चालक वाहन लेकर फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग आक्रोशित हो उठे। ग्रामीणों ने मृतक का शव सड़क पर रखकर मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। करीब एक घंटे तक जाम लगने से दोनों ओर लंबी वाहन कतारें लग गईं। वहीं, परिजनों के पहुंचते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। दिलीप परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे, जिससे परिवार पर दुख का पहाड़ टूट पड़ा है।
सूचना मिलते ही नूरसराय थाने के प्रभारी अरविंद कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी जियाउल हक और अंचलाधिकारी दीपक कुमार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने काफी समझाने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीण मुआवजे और कड़ी कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। अंततः हल्का बल प्रयोग कर सड़क जाम हटवाया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल भेज दिया, जहां पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। परिजनों को 20,000 रुपये की तात्कालिक आर्थिक सहायता देने का आश्वासन दिया गया है।
थानेदार ने बताया कि अज्ञात वाहन की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। आवेदन मिलते ही संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। यह घटना एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग की बढ़ती समस्या को उजागर करती है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क सुरक्षा उपायों की कमी से ऐसे हादसों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। पूरा गांव शोक में डूबा हुआ है और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
Also Read : बीजेपी मंत्री रामकृपाल यादव का पवन सिंह के गाने पर डांस हुआ वायरल


