Jamui : बिहार के जमुई जिले में बीती देर रात बड़ा रेल हादसा हुआ। टेलवा बाजार रेलवे हॉल्ट के पास आसनसोल से सीमेंट लेकर आ रही एक मालगाड़ी पटरी से उतर गई। हादसा इतना गंभीर था कि रेलवे ट्रैक को भारी नुकसान पहुंचा और इस रूट पर ट्रेनों का संचालन रोकना पड़ा।
यह दुर्घटना पूर्व आसनसोल मंडल के जसीडीह-सिमुलतला रेलखंड पर बड़ुआ नदी के रेलवे पुल पर हुई। मालगाड़ी झाझा की ओर जा रही थी। रात करीब 11:40 बजे अपलाइन पर चलते समय ट्रेन के 15 डिब्बे अचानक डीरेल हो गए। इनमें से 10 डिब्बे पुल पर ही पलट गए, जबकि 5 डिब्बे नीचे नदी में गिर गए। हादसे के बाद कई जगहों पर पटरियां उखड़ गईं। जसीडीह रेलखंड की अपलाइन पूरी तरह बंद हो गई, वहीं सुरक्षा को देखते हुए डाउनलाइन पर भी ट्रेनों का परिचालन रोक दिया गया। इसके कारण कई यात्री ट्रेनें जसीडीह और आसपास के स्टेशनों पर खड़ी कर दी गईं, जिससे यात्रियों को परेशानी हुई।
सूचना मिलते ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, इंजीनियरिंग और ट्रैक मेंटेनेंस की टीमें मौके पर पहुंच गईं। रेलवे प्रशासन ने बताया कि राहत और बहाली का काम युद्धस्तर पर जारी है। फिलहाल डिरेलमेंट के कारणों का पता नहीं चल सका है। आसनसोल मंडल की पीआरओ विपुला बौरी ने हादसे की पुष्टि करते हुए कहा कि क्षतिग्रस्त डिब्बों को हटाने और ट्रैक की मरम्मत के बाद ही रेल परिचालन बहाल किया जाएगा। इस काम में करीब 8 से 10 घंटे लग सकते हैं।
Also Read : सोना-चांदी के दाम में तेज उछाल, खरीदारी से पहले जानें रेट


